00 बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार ट्रॉले ने ईको वैन को मारी सीधी टक्कर; 1 गंभीर, वैन काटकर निकाले गए शव
TTN डेस्क
धार/बदनावर। उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन कर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपने घर लौट रहे गुजरात के श्रद्धालुओं के लिए रविवार का दिन जीवन का सबसे काला दिन साबित हुआ। धार जिले के बदनावर थाना क्षेत्र अंतर्गत बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रविवार दोपहर हुए एक अत्यंत दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे में वडोदरा और पंचमहल
(गुजरात) निवासी 6 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।इनमें से एक रॉयल एनफील्ड शो रूम का कर्मचारी था और बाकी के पांच फाइनेंस कंपनियों में काम करते थे।
0 सामने से रॉन्ग साइड आया लोहे से लदा ट्रॉला
हादसा दोपहर करीब 1 बजे बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर स्थित ग्राम पंचकवासा के पास हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक, गुजरात के वडोदरा/पंचमहाल निवासी 7 युवक मारुति ईको वैन (GJ 17 CK 6134) में सवार होकर बाबा महाकाल के दर्शन के बाद वापस गुजरात की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से रॉन्ग साइड (गलत दिशा) में लोहे के भारी सामान से लदा एक तेज रफ्तार ट्रॉला (GJ 39 DB 9248) आ गया। जब तक ईको वैन का चालक वाहन संभाल पाता या कोई बचाव कर पाता, तब तक बेकाबू ट्रॉले ने वैन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
0।वैन काटकर शवों को बाहर निकाला गया
टक्कर इतनी भयावह और प्रचंड थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह पिचक कर मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। हादसे के बाद वैन में सवार सभी लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे।
घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शवों और घायल युवक को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को कटर मशीन की मदद से वैन की बॉडी (लोहे के पतरे) को काटना पड़ा।
0 6 की मौके पर ही सांसें थमीं, 1 जिंदगी और मौत से जूझ रहा



इस हृदयविदारक हादसे में 6 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही बदनावर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर उनके परिजनों को गुजरात सूचित कर दिया है। दुर्घटनाकारित ट्रॉले को जब्त कर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

