00 अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर हुई थी करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की मौत
00 घटना के बाद से 11 दिनों तक फरार रही मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को यूपी एसटीएफ ने नागपुर से दबोचा
00 पूछताछ के दौरान आरोपी के बेखौफ रवैये पर उठे सवाल; अदालत ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
TTN डेस्क
लखनऊ।करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के बाद से 11 दिनों से फरार चल रही मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने उसकी बहन और ड्राइवर दानिश को भी धर दबोचा है। ट्रांजिट रिमांड के बाद तीनों को लखनऊ लाया गया, जहां कोर्ट में पेशी के बाद श्रद्धा को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
0 9 अक्टूबर की रात का रहस्य और नेपाल कनेक्शन
बीती 9 अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में मॉडल श्रद्धा दुबे का नाम सामने आने के बाद से वह पुलिस की पकड़ से दूर थी। शुरुआती जांच में सामने आया था कि गिरफ्तारी से बचने के लिए श्रद्धा ने लखनऊ से सीतापुर और बहराइच के रास्ते नेपाल तक की यात्रा की थी और वहीं छिपी हुई थी। इसके बाद 18 अक्टूबर को वह वापस उत्तर प्रदेश लौटी और एक समाचार एजेंसी को इंटरव्यू देकर खुद को बेकसूर बताया था। उसने दावा किया था कि शिवा ने उसकी आंखों के सामने छलांग लगाई थी। इंटरव्यू के बाद उसकी आखिरी लोकेशन आगरा में ट्रेस की गई थी, जिसके आधार पर आगे पतासाजी करते हुए एसटीएफ ने नागपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
0 हजरतगंज थाने में लंबी पूछताछ और कोर्ट में पेशी




गिरफ्तारी के बाद जब श्रद्धा को लखनऊ के हजरतगंज थाने लाया गया, तो वह मीडिया के कैमरों से अपना चेहरा छिपाती नजर आई। थाने में उससे लगातार 6 घंटे 35 मिनट तक मैराथन पूछताछ की गई। हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान उसका रवैया सामान्य और बेपरवाह बना रहा। भारी सुरक्षा के बीच जब उसे कोर्ट में पेश किया गया, तो वहां मौजूद पत्रकारों के सवालों पर उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और अदालत ने उसे 10 दिन के लिए जेल भेज दिया। पुलिस अब इस हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़े हर एक पहलू और सबूत को खंगालने में जुटी है।

