00 बिहार के शिवहर में आयोजित “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान की बैठक, सीटों के बंटवारे पर कार्यकर्ताओं ने रखीं चिंताएं
TTN डेस्क
शिवहर, 26 अक्टूबर 2026।जिला कांग्रेस कमेटी, शिवहर के तत्वावधान में जिला कांग्रेस कार्यालय में “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षक श्री जयसिंह अग्रवाल ने बैठक में विशेष रूप से उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के श्री अफरोज आलम के नेतृत्व में हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, युवा नेता, महिला प्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
0 बूथ स्तर पर सक्रियता और मतदाता सूची की जांच पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए श्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुरक्षित रहना लोकतंत्र की विश्वसनीयता और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाया जा रहा “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान तभी सफल होगा, जब कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की जांच करने और पात्र मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आवश्यक आवेदन देने में मदद करने की अपील की। इस दौरान अभियान के प्रभावी संचालन के लिए चेकलिस्ट एवं निर्धारित प्रारूप भी उपलब्ध कराए गए।
0 सीटों के बंटवारे को लेकर कार्यकर्ताओं ने जताई चिंता
बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों में गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी चिंताएं खुलकर साझा कीं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि गठबंधन में अन्य दलों को अधिक सीटें मिलने और स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं को उचित महत्व न मिलने से संगठन में निराशा की भावना उत्पन्न होती है।


श्री जयसिंह अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को पूरी गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि उनकी इन चिंताओं और संगठनात्मक सुझावों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में संगठन की जमीनी स्थिति, जनसंपर्क बढ़ाने और आपसी समन्वय को मजबूत करने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर शिवहर प्रभारी श्री दिलीप खिरहर, उपाध्यक्ष श्री वशिष्ठ राउत, सचिव श्री प्रभात रंजन, श्रीमती आशा कुमारी सहित कई प्रमुख कांग्रेसी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


