TTN डेस्क

कोरबा। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को ज्ञापन सौंपकर जिले में बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा सुदृढ़ करने तथा हाल ही में घटित गंभीर आपराधिक घटनाओं में त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रजगामार क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद जघन्य हत्या तथा मानिकपुर चौकी अंतर्गत मुड़ापार में दशहरा उत्सव के दौरान चाकूबाजी में एक व्यक्ति की मृत्यु जैसी घटनाओं से आम जनता में भय का माहौल है। संगठन ने मामले के आरोपी की आज हुई गिरफ्तारी के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से केस की सुनवाई कर कठोरतम सजा दिलाने की मांग रखी है।
0 ज्ञापन में प्रमुख मांग
मासूम बच्ची से दुष्कर्म व हत्या प्रकरण की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर आरोपी को फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सख्त सजा दी जाए।
स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था व पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
मेलों, सार्वजनिक और धार्मिक आयोजनों में पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा प्रबंध लागू हों।
महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा हेतु व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला संयोजक अतुल दास महंत,दिलीप मीरी,उमा गोपाल एवं सदस्य उपस्थित रहे।


