TTN डेस्क
पटना:बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह के दौरान भारी राजनीतिक बवाल देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के दौरान न केवल तीखी बहस हुई, बल्कि हाथापाई और हंगामे की स्थिति बन गई।
0 ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ पर भड़के खरगे, हाथापाई की नौबत
कार्यक्रम के दौरान जब मल्लिकार्जुन खरगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार की नीतियों और चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर हमला बोल रहे थे, तभी दर्शक दीर्घा से एक व्यक्ति ने चिल्लाकर कहा कि “पीएम मोदी कहीं नहीं जाने वाले”। इस पर खरगे आपा खो बैठे और उत्तेजित होकर पलटवार करते हुए बोले— “मोदी का बाप भी जाएगा. चल, मोदी की झूठ बोलने की आदत है।”
कांग्रेस अध्यक्ष की इस टिप्पणी के बाद सभागार में जमकर हंगामा शुरू हो गया। वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जता रहे व्यक्ति के साथ मारपीट और हाथापाई शुरू कर दी और उसे धक्का देकर बाहर कर दिया।
0 कौन है हंगामा करने वाला युवक?
मिली जानकारी और रिपोर्ट्स के अनुसार, हंगामा करने वाला युवक छपरा का रहने वाला संतोष कुमार है। खुद को कांग्रेसी बताने वाला संतोष खरगे को यह समझाने का प्रयास कर रहा था कि इस तरह की बयानबाजी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से नहीं हटाया जा सकता। हालांकि, इसी दौरान बात बढ़ गई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
0 नीतीश कुमार और संघ पर भी साधा निशाना
अपने भाषण में डॉ. श्री कृष्ण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए खरगे ने आधुनिक बिहार के निर्माण में उनके योगदान को सराहा। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कभी लोहिया और जयप्रकाश नारायण जैसे समाजवादियों के साथ खड़े रहने वाले नीतीश आज बीजेपी की गोद में जा बैठे हैं, जो विचारधारा का सबसे बड़ा विरोधाभास है। खरगे ने आरएसएस और बीजेपी पर भी देश में वैमनस्यता फैलाने का आरोप लगाया।
0 बीजेपी का तीखा हमला: ‘यही गाली-गलौज की संस्कृति कांग्रेस को डुबा रही है’




मल्लिकार्जुन खरगे के इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उन पर बेहद तीखा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा:
”हम इस तरह की भाषा की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। मल्लिकार्जुन खरगे एक वरिष्ठ नेता और देश की सबसे पुरानी पार्टी के अध्यक्ष हैं। देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता जानती है कि कांग्रेस की संस्कृति ही गाली-गलौज की रही है—कभी पीएम की स्वर्गीय माताजी तो कभी खुद पीएम पर अपशब्द कहे जाते हैं। देश की जनता इस आचरण को कभी स्वीकार नहीं करेगी और यही कारण है कि कांग्रेस लगातार सिकुड़ती जा रही है।”


