



TTN डेस्क
नई दिल्ली।20 जुलाई को संसद मार्ग पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हुए छात्र साहिल लोहबच की एफआईआर दर्ज कराने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे। दोपहर करीब 12:30 बजे से वे वरिष्ठ नेताओं के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि जब तक पीड़ित छात्र की एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, तब तक वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे।उनके साथ प्रियंका गांधी,कुमारी शैलजा और अन्य कांग्रेसी नेता भी है।
0 शरीर से निकले छर्रे दिखाकर पूछे सवाल
राहुल गांधी ने मीडिया के सामने साहिल के शरीर से निकाले गए छर्रे दिखाते हुए कहा, “ये छर्रे सबूत हैं कि प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था। जब पुलिस कह रही है कि उसने गन नहीं चलाई, तो आखिर ये छर्रे किसने चलाए? पुलिस का कहना है कि उन्हें ऊपर से एफआईआर दर्ज न करने के निर्देश मिले हैं।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि 14 अगस्त को लिखित शिकायत और 17 अगस्त को ईमेल व फोन से गुहार लगाने के बावजूद पुलिस शिकायत की रिसीविंग कॉपी तक नहीं दे रही है।
0 प्रियंका गांधी और वरिष्ठ नेता भी रहे मौजूद
इस दौरान राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश सहित कई अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर पुलिस और कानून को दरकिनार कर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। वहीं, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि देश में ‘जीरो एफआईआर’ का प्रावधान होने और मेडिकल रिपोर्ट पेश करने के बावजूद पुलिस का मामला दर्ज न करना अन्याय है।
0 भाजपा नेताओं ने आड़े हाथ लिया
केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी न तो ये पीड़ित के लिए कर रहे है और न ही न्याय के लिए।ये सारा कुछ वे केवल माफिया फुटेज के लिए कर रहे है।बीजेपी की महासचिव पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि जंतर मंतर में पुलिस वाले भी घायल हुए उन पर राहुल गांधी कुछ नहीं बोलते।
0 क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी शिकायत: दिल्ली पुलिस
दूसरी तरफ, पुलिस सूत्रों का कहना है कि 20 जुलाई को दर्ज सभी संबंधित मामलों की जांच पहले से ही क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस ने शिकायतकर्ता को सूचित किया है कि इस नई शिकायत को भी अग्रिम कार्रवाई के लिए क्राइम ब्रांच को भेजा जाएगा। वहीं, भाजपा महासचिव स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के इस कदम पर पलटवार करते हुए कहा कि वे कभी भी पुलिस पर होने वाले हमलों पर कुछ नहीं बोलते।


