00 सोशल मीडिया पर परिवार को मिली धमकियों के बाद प्रशासन का बड़ा फैसला, सुरक्षा में तैनात की गई पुलिस वैन
TTN डेस्क
छत्रपति संभाजीनगर।’कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके परिवार को सोशल मीडिया पर मिली धमकियों के बाद रविवार को प्रशासन ने उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। बीबीसी मराठी सेवा के मुताबिक, पुलिस प्रशासन ने इस बात की पुष्टि की है कि छत्रपति संभाजीनगर स्थित दीपके के निवास स्थान पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
0 कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने बताया, “वरिष्ठ अधिकारियों से मिले निर्देशों के बाद अभिजीत दीपके के घर की सुरक्षा का फैसला लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर वहां एक पुलिस वैन और एक जिम्मेदार अधिकारी के साथ पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर हमारा पूरा ध्यान है।”
0 वीडियो और स्क्रीनशॉट साझा कर जताया था खतरा
सुरक्षा की यह कार्रवाई अभिजीत दीपके द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए दावों के बाद की गई है। दीपके ने अपने फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर कुछ स्क्रीनशॉट और एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में एक युवक दीपके और उनके परिवार के खिलाफ बेहद अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियां करता हुआ नजर आ रहा था, जिसके बाद दीपके ने अपने और परिवार की जान को खतरा बताया था।
0 इंस्टाग्राम हैंडल हुआ रीस्टोर


इस पूरे विवाद के बीच अभिजीत दीपके ने एक्स (ट्विटर) पर एक राहत भरी जानकारी भी साझा की है। उन्होंने बताया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल, जो किन्हीं कारणों से प्रभावित हुआ था, उसे अब फिर से रीस्टोर (बहाल) कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर कड़ी नजर रखे हुए है।

