TTN डेस्क
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) के एक हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आरती उतारी गई और ‘भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा’ का पाठ किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के अधीन आने वाले राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. राजन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच पर भगवान श्रीराम के स्वरूप में प्रधानमंत्री की तस्वीर रखी गई थी। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस आयोजन की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया, जिसके बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने मामले से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया है।
0’नमह भारत’ संस्था का आयोजन, बिहार में मंदिर बनाने का दावा
यह कार्यक्रम ‘नमह भारत’ नामक संस्था की ओर से आयोजित किया गया था। इसमें बिहार किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. राजन सिंह ने भाग लिया। डॉ. राजन सिंह ने हाल ही में पटना में लगभग 112 से 120 करोड़ रुपये की लागत से 5 एकड़ जमीन पर पीएम मोदी का एक भव्य मंदिर बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि 2019 में पारित ‘ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन एक्ट’ के कारण ही आज ट्रांसजेंडर समाज को बराबरी के अधिकार और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया था कि मंदिर निर्माण का प्रस्ताव बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय को भेजा गया है। लेकिन पटना में भूमि आवंटन और शिलान्यास से पहले ही दिल्ली के प्रेस क्लब हॉल में ‘मोदी चालीसा’ का पाठ शुरू कर दिया गया।
0 प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की सफाई: प्रेस कॉन्फ्रेंस के नाम पर लिया गया था हॉल
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर सफाई दी है। प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम से उनका कोई संबंध नहीं है। क्लब प्रबंधन के अनुसार, आयोजकों ने केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की बात कहकर हॉल किराए पर लिया था।





प्रेस क्लब ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जैसे ही उन्हें हॉल में किराए की शर्तों का उल्लंघन कर चालीसा पाठ और आरती जैसी गतिविधियां चलाए जाने की सूचना मिली, क्लब के पदाधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया।


