TTN डेस्क
रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 13वें दिन भी जारी है। सरकार ने बातचीत का रास्ता खोला है, विपक्ष विधानसभा में मुद्दा उठा रहा है और सीआईडी ने और गिरफ्तारियां की हैं।हालांकि छात्र अब तक मीडिया के सामने ही चर्चा करने को ले कर अड़े हुए है।बुधवार की देर शाम आंदोलनकारियों ने बारिश के बीच तिरंगा यात्रा भी निकाली।
0 सरकार ने मंत्रियों की कमेटी बनाई, छात्र खुले मंच पर बातचीत चाहते हैं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बातचीत के लिए चार मंत्रियों की कमेटी गठित की है। इसमें उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, कल्याण मंत्री चमरा लिंडा और उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव शामिल हैं।
बुधवार को सदर एसडीओ कुमार रजत और एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) धनंजय कुमार जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे और छात्रों से बंद कमरे में वार्ता का प्रस्ताव रखा। छात्रों ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि बातचीत सार्वजनिक मंच पर और मीडिया की मौजूदगी में होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधी मुलाकात और 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग दोहराई। अनशन कर रहे छात्र देवेंद्र नाथ महतो समेत अन्य ने अनशन जारी रखा है।
0 परीक्षा कंपनी का अकाउंटेंट गिरफ्तार, खुद 14वीं PT पास की
सीआईडी ने बुधवार देर रात रांची और लखनऊ में छापेमारी कर परीक्षा संचालन एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के अकाउंटेंट रक्षक सिंह समेत पांच और लोगों को गिरफ्तार किया। रक्षक सिंह पर आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग कर परीक्षा प्रक्रिया में हेराफेरी की और खुद 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा अनुचित साधनों से पास की।
इसके साथ अब तक कुल 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 4 अभ्यर्थी भी शामिल हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि बिचौलियों का नेटवर्क मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी से जुड़ा था और अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेकर सेटिंग कराई जा रही थी।
0 विपक्ष मास्क पहनकर विधानसभा पहुंचा, CBI जांच की मांग
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार को शुरू हुआ। भाजपा विधायक “न्याय चाहिए, धोखा नहीं” और “जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल सभी परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराओ” लिखे मास्क पहनकर सदन में पहुंचे। सत्र शुरू होते ही उन्होंने परीक्षा घोटाले का मुद्दा उठाया।
0 नेता विपक्ष बाबूलाल मरांडी पहुंचे आंदोलन स्थल
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में 14 विधायकों ने बुधवार को आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पैसे देकर अफसर बनने वाले अगले 30 साल तक राज्य में भ्रष्टाचार फैलाएंगे। उन्होंने सभी विवादित परीक्षाएं रद्द करने और सीबीआई जांच की मांग की। उनका आरोप है कि यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, बल्कि खुलेआम नौकरी बेचने का मामला है।
0 आंदोलन की राजनीति न करें : मंत्री
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार ने पहले से ही सीआईडी जांच शुरू कर दी है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए मौका मिलना चाहिए। उन्होंने छात्रों की चिंताओं को जायज बताया, लेकिन आंदोलन की राजनीति न करने की अपील की।





छात्रों का अनशन और प्रदर्शन जारी है। सरकार-छात्र वार्ता तथा विधानसभा में बहस के आगे के घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है।


