00 ग्रामीणों ने खदेड़ा, पथराव भी हुआ; आशुतोष रांका ने भाजपा पर लगाया गुंडागर्दी का आरोप
TTN डेस्क
जयपुर। शुक्रवार सुबह बगरू क्षेत्र के रामपुरा कंवरपुरा गांव में राजकीय प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका और उनके साथियों के साथ मारपीट की घटना हो गई। ग्रामीणों ने उन्हें पीटकर गांव से बाहर खदेड़ दिया। इस दौरान गाड़ियों पर पथराव भी हुआ।
रांका करीब 10 बजे स्कूल परिसर पहुंचे थे। इससे पहले सुबह करीब 8 बजे CJP के कुछ कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों की धक्का-मुक्की हो चुकी थी। ग्रामीणों ने उन्हें गांव से बाहर निकाल दिया था। विरोध में नारे लगाते हुए लोग स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। गांव के मुख्य रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर घेराबंदी कर दी गई और आने-जाने वाली गाड़ियों की जांच शुरू कर दी गई।
0 घटना के दौरान क्या-क्या हुआ
रांका का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया। उन्होंने बताया कि गाड़ियों के शीशे तोड़े गए, मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हुए, एक महिला समर्थक से मारपीट हुई और उनकी शर्ट फाड़ दी गई। टीम के एक सदस्य का हाथ फ्रैक्चर हो गया। जानकारी के अनुसार करीब पांच कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए जबकि सात को चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। CJP का वाटिका रोड स्थित एक अन्य स्कूल का निरीक्षण कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया।
0 आशुतोष रांका का बयान
रांका ने कहा, “आज पूरे देश ने भाजपा की गुंडागर्दी लाइव देखी है। यह शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। हम 48 घंटे का अल्टीमेटम दे रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी हो और स्कूल निरीक्षण रोकने का कोई आदेश हो तो उसे वापस लिया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो पूरे राजस्थान में आंदोलन करेंगे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करेंगे।”
0 ग्रामीणों का पक्ष
ग्रामीण जुगल किशोर शर्मा ने दावा किया कि CJP की तरफ से 200-250 लोग सरिए और आरी लेकर आए थे। उन्होंने कहा, “हमने उन्हें कोई चोट नहीं पहुंचाई। उन्होंने खुद अपनी गाड़ी तोड़ ली। हम यहां भाजपा या कांग्रेस के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति को घुसने नहीं देंगे।”हालांकि इस घटना के अनेक वीडीओ अब वायरल है।मीडिया ने भी इसका जो लाइव कवरेज किया है ,वो कुछ और ही कहानी बयान करते है।जिस स्कूल का टीम निरीक्षण करने जा रही थी वो पिछले एक अरसे से एक ग्रामीण के तबेले में केजी रही है ।वहीं स्कूल का भवन जर्जर है,जिसके गिरने का खतरा है।



अन्य ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे स्कूल को अपने स्तर पर ठीक करवा लेंगे। सरकार ने 12.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत भी कर दी है। उन्होंने CJP कार्यकर्ताओं को ‘कॉकरोच’ बताते हुए कहा कि वे गंदगी फैलाने आए हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
0 स्कूल की जर्जर हालत
रामपुरा कंवरपुरा के राजकीय प्राथमिक स्कूल की इमारत जर्जर हो चुकी है। छत पर लोहे के एंगल लगाए गए हैं। स्कूल को करीब 50 मीटर दूर एक बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया है। बच्चे टीनशेड के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं। आसपास पशुओं का चारा रखा है और दीवारों की ईंटें गिर चुकी हैं।
0 पहले भी हो चुका है हमला
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले 15 जून 2026 को जयपुर में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके पर भी प्रदर्शन के दौरान हमला हुआ था। कुछ युवकों ने उन्हें थप्पड़ मारे थे।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

