00 पेपर लीक पर केंद्र सरकार का सख्त कदम: फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा के लिए अगले सप्ताह संसद में आएगा बिल,राहुल ने कहा “बेकार वीडियो”,प्रधान को हटाए
TTN डेस्क
नई दिल्ली।पेपर लीक मामलों पर नकेल कसने के लिए केंद्र सरकार सख्त कानूनी कदम उठाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात देश के छात्रों के नाम एक विशेष वीडियो संदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि ‘पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है’। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि पेपर लीक के मामलों में त्वरित न्याय के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट के गठन और दोषियों के लिए कठोर सजा के प्रावधान वाला प्रस्ताव शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा।
कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही आगामी सप्ताह से शुरू हो रहे संसद सत्र के दूसरे सप्ताह में इस विधेयक को पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
https://www.instagram.com/reel/DbJSbtII9aa/?igsh=ZWNyYWtrdGRkemc5
0 2.5 महीनों में कई कड़े कदम, दोषी जेल में
प्रधानमंत्री ने छात्रों और अभिभावकों की पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लाखों युवाओं के भविष्य और उनके माता-पिता के लिए बेहद दुखद हैं। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों के भीतर सरकार ने इस दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं। घटना में शामिल प्रमुख दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
0 छात्रों का साल बचाना प्राथमिकता
पीएम मोदी ने कहा, “हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना था कि किसी भी छात्र का एक साल बर्बाद न हो। इसके लिए परीक्षाएं तुरंत कराना आवश्यक था।” सरकार ने रिकॉर्ड समय में कम से कम 22 लाख छात्रों की परीक्षा का आयोजन कराया और 19 जुलाई को NEET का परिणाम भी घोषित कर दिया गया।
0 मसौदा तैयार, जल्द बनेगा कानून

प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि संबंधित विभागों ने गुरुवार रात ही इस कानून का नया मसौदा (ड्राफ्ट) उन्हें सौंप दिया है। इस मसौदे में मामलों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट और सख्त से सख्त सजा के कड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं। शुक्रवार को कैबिनेट की चर्चा के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। संसद का सत्र सोमवार से अपने दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर रहा है, जहां सरकार इस बिल को जल्द से जल्द पास कराने की पूरी कोशिश करेगी।
0 राहुल बोले- छात्रों की समझदारी का अपमान न करें, प्रधान को हटाएं
पीएम मोदी के वीडियो जारी करने के बाद राहुल गांधी ने X पर एक पोस्ट में इसे आधी रात का बेकार वीडियो बताया। राहुल ने लिखा- “मिस्टर मोदी, हमारे छात्र धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आधी रात के इस बेकार वीडियो से उनकी समझदारी का अपमान न करें। प्रधान को हटाएं, छात्रों को पीटने वालों को सजा दें और माफी मांगें।”


