



00 छात्रों की गूंज कार्यक्रम का पांचवां संस्करण, 20-25 हजार युवा पहुंचे
TTN डेस्क
इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को शहर के रीजनल पार्क के सामने आईडीए ग्राउंड (भारत जोड़ो मैदान) पर आयोजित पांचवें ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पहुंचे। यह मध्य प्रदेश में इस श्रृंखला का पहला आयोजन था। पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम हो चुके हैं। करीब 60 मिनट तक ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ विषय पर छात्रों से सीधे संवाद किया गया। कांग्रेस के अनुसार कार्यक्रम के लिए दो लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए थे, जबकि स्थल पर 20 से 25 हजार युवा मौजूद रहे।
0 सिस्टम सवाल पूछने वाले छात्र नहीं चाहता
राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम छात्रों से डरता है क्योंकि छात्र सवाल पूछते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा, “सिस्टम को स्टूडेंट नहीं, अंधभक्त चाहिए। अंधभक्त सवाल नहीं पूछते, नफरत से बात करते हैं। जबकि छात्र प्यार और मोहब्बत से संवाद करते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सिस्टम अपने लोगों को संस्थाओं में बैठाता है, लेकिन अपने बच्चों को अंधभक्त नहीं बनाता बल्कि विदेश भेजकर पढ़ाता है।
0 शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा हमला
उन्होंने शिक्षा बजट में कटौती का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में शिक्षा पर बजट का 4.6 प्रतिशत खर्च होता था, जो घटकर 2.6 प्रतिशत रह गया। डेढ़ करोड़ छात्रों से स्कॉलरशिप छीनी गई, दस लाख शिक्षकों के पद खाली हैं और करीब एक लाख सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा स्कूल बंद हुए। हॉस्टल सुविधा सिर्फ 14 प्रतिशत छात्रों को मिल पाती है। शिक्षा सरकार की जिम्मेदारी है, किसी बिजनेसमैन का काम नहीं।
0 युवा बेरोजगारी और जेन-जी वोटर
सरकार के पीएलएफएस 2025 आंकड़ों के अनुसार 15-29 वर्ष के युवाओं में बेरोजगारी दर 9.9 प्रतिशत है। शहरी क्षेत्रों में यह 13.6 प्रतिशत तक पहुंच गई है। 24.9 प्रतिशत युवा न पढ़ाई कर रहे हैं, न नौकरी और न ट्रेनिंग (नीट)। देश में 15-29 साल के करीब 37 करोड़ युवा हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में 18-29 साल के मतदाताओं की हिस्सेदारी 22.78 प्रतिशत थी। 2029 चुनाव में यह आंकड़ा 26 प्रतिशत के आसपास पहुंच सकता है।
0 एयरपोर्ट पर स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था
राहुल गांधी दोपहर करीब डेढ़ बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी समेत वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया। कुछ स्थानों पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। कार्यक्रम स्थल पर सख्त सुरक्षा थी। बैग, पानी की बोतल, ड्रोन आदि पर रोक थी। एंट्री के लिए फोटो आईडी और रजिस्ट्रेशन लिंक अनिवार्य था।
0 युवाओं का उत्साह और सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम से पहले युवा सड़कों पर पोस्टर लेकर निकले। कुछ छात्रों ने ‘रागा’ चश्मा पहनकर और प्यार वाले पोस्टर लेकर पहुंचकर माहौल बना दिया। रैपर लशकरी (Lashcurry), गायक राघव चैतन्य और डांस ग्रुप ने प्रस्तुति दी। राहुल गांधी ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं, उनके बिना देश मजबूत नहीं हो सकता। आज छात्र दबाव में हैं और खुश नहीं हैं।


