00 हनुमान चालीसा की आवाज के बीच मिले शव,वाट्सअप स्टेटस में पत्नी पर धोखे का आरोप लगाया,एक साल पहले दी है तलाक की अर्जी
TTN डेस्क
लखनऊ: राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्टेट बैंक के एक अधिकारी ने अपनी बैंक कर्मी पत्नी और बीमार बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर के अंदर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चल रही थी। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है।
0 कार में बुलाया और मार दी गोली
पुलिस के मुताबिक, एसबीआई (SBI) की इंजीनियरिंग कॉलेज शाखा में बतौर फील्ड ऑफिसर कार्यरत मानस बाजपेई (35) दोपहर में कार से अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा (33) के कार्यालय पहुंचे। दिव्या आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर थीं। मानस ने फोन कर दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और फिर मानस ने पिस्टल निकालकर पत्नी पर गोलियां चला दीं। गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
0 2 किलोमीटर दूर घर जाकर बहन पर चलाई गोली
पत्नी पर हमला करने के बाद मानस करीब दो किलोमीटर दूर हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान में पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह काफी घबराया हुआ था। घर के भीतर प्रवेश कर उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपनी बहन को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली। गोलियों की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर दोनों के शव पड़े थे और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा बज रही थी।उनके माता पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
0 एक साल से चल रहा था तलाक का केस
पुलिस जांच में सामने आया कि दिव्या और मानस की शादी 12 साल पहले हुई थी, लेकिन दोनों की कोई संतान नहीं थी। पिछले एक साल से उनके बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था और दिव्या ने अदालत में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। वह आलमबाग में अलग रह रही थीं। वहीं, परिजनों ने बताया कि मानस की बहन भी पिछले कुछ सालों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी।
0 वॉट्सऐप स्टेटस में धोखा देने का आरोप
घटना से पहले मानस ने अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर एक संदेश पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया था। और यह भी लिखा कि दिव्या की बहन प्रज्ञा सबकुछ जानती है। हालांकि पीड़िता के परिजनों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पारिवारिक विवाद का नतीजा बताया है। यहां उल्लेखनीय है कि प्रज्ञा मिश्रा एक यू ट्यूबर है जो उल्टा चश्मा नामक चैनल चलाती है।उनके पति भरत यादव भी यू ट्यूबर है।दोनों ने कुछ साल पहले लव मैरिज की है।


0 पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने मौके का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

