


- रांची में हजारों छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ने की कोशिश में झड़प
- CID की बड़ी कार्रवाई: JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते गिरफ्तार
TTN डेस्क
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में JPSC और JSSC परीक्षा में हुई कथित धांधली के विरोध में सोमवार को हजारों परीक्षार्थी व छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने पुरानी विधानसभा से लेकर नई विधानसभा परिसर तक उग्र प्रदर्शन किया और विधानसभा घेराव की कोशिश की। प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज, वाटर कैनन के इस्तेमाल और आंसू गैस के गोलों से इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।छात्र विधानसभा के पास ही धरने पर बैठ गए है।
0 पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प, कई घायल
सुबह 10 बजे से ही ओल्ड विधानसभा के पास हजारों की संख्या में छात्र जुटना शुरू हो गए थे। इसके बाद छात्रों का हुजूम विधानसभा घेराव के लिए बढ़ा। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए 6 लेयर की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी और कंटीले तारों से बैरिकेडिंग की थी। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही थी।
बैरिकेडिंग के पास छात्रों को रोकने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार तीखी झड़प हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने दो से तीन बार लाठीचार्ज किया, जिससे कुछ छात्रों के सिर में चोटें आईं। जवाब में आक्रोशित छात्रों ने पुलिस बल पर पानी की बोतलें और चप्पलें फेंकी।
0 वाटर कैनन और आंसू गैस के दागे गए गोले
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए जब पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, तो छात्र पीछे हटने के बजाय बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान कुछ छात्रों ने राष्ट्रगान भी गाया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आखिरकार आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
0 JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को CID ने किया गिरफ्तार
एक तरफ जहाँ सड़कों पर छात्रों का गुस्सा देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर जांच एजेंसी CID ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है। CID ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को गिरफ्तार कर लिया है। 21 जुलाई को JPSC कार्यालय पर पड़ी रेड के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। CID पिछले कई दिनों से उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी, जिसके बाद यह गिरफ्तारी की गई है।


