TTN डेस्क
रांची
: पिछले 14 दिनों से धरने पर बैठे छात्रों और राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल के बीच शुक्रवार देर रात मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में करीब एक घंटे तक महत्वपूर्ण बैठक हुई। हालांकि, सकारात्मक माहौल में हुई इस वार्ता के बावजूद छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मीटिंग के बाद छात्र नेता रवींद्र पासवान और राजेश प्रसाद ने बताया कि सरकार के साथ यह पहली बैठक काफी सकारात्मक रही और बातचीत के दौरान आत्मीय माहौल महसूस हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार, मुख्यमंत्री और सभी मंत्री उनकी जायज मांगों को स्वीकार करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के अनुसार, वार्ता के दौरान अपनी मांगें प्रमुखता से रखी गईं जिन्हें गंभीरता से सुना गया। सरकारी डेलीगेशन इन मांगों को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान निकालेगा।
वहीं, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि छात्रों के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक हुई है और सरकार उनकी समस्याओं व मांगों को लेकर पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। आगे की बातचीत के बाद जल्द ही किसी ठोस निर्णय पर पहुंचने की संभावना है।


