00 महुली गांव में तड़के 2 बजे हुआ हादसा, गहरी नींद में सो रहे थे लोग; पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर मलबे से निकाला
TTN डेस्क
प्रतापगढ़। उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महुली गांव में गुरुवार तड़के एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां लगभग 100 वर्ष पुराना एक जर्जर मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक युवक सुरक्षित बच निकला। घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
0 रात 2 बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव (60) का मकान अत्यंत पुराना और जर्जर स्थिति में था। 6 अगस्त की रात करीब 2 बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी अचानक पूरा मकान ढह गया। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस प्रशासन व फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
0 चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद परिवार के छह सदस्यों को मृत घोषित कर दिया।
0 मृतकों और बचे युवक का विवरण
हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही परिवार के तीन पीढ़ियों के लोग शामिल हैं:
प्रमोद श्रीवास्तव (60)
रीता (पत्नी)
नितिन (पुत्र)
माधुरी (बहू)
माधव (पोता)
अद्विक (पोता)
इस भीषण दुर्घटना में प्रमोद श्रीवास्तव के 28 वर्षीय पुत्र अमन खुशकिस्मती से बाल-बाल बच गए। उन्हें मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।






प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।


