00 देश-विदेश से 1400 से अधिक पंजीयन; कोरबा की शोभा केडिया व टीम संभाल रही कमान
TTN डेस्क
कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आगामी 22 एवं 23 अगस्त को दो दिवसीय भव्य ऑनलाइन वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अग्रवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक उपयुक्त एवं सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे सरलता से अपने जीवनसाथी का चयन कर सकें।
संगठन के चेयरमैन अशोक मोदी ने बताया कि इस सम्मेलन को लेकर समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अब तक 1400 से अधिक पंजीयन हो चुके हैं, जिनमें लगभग 800 युवक और 600 युवतियां शामिल हैं। खास बात यह है कि इसमें अविवाहितों के साथ-साथ पुनर्विवाह के इच्छुक विधुर एवं विधवा प्रतिभागी भी हिस्सा ले रहे हैं।
0 भौगोलिक सीमाओं से परे, विदेशों से भी जुड़ रहे प्रतिभागी
इस ऑनलाइन आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल छत्तीसगढ़ या देश के अन्य राज्यों से ही नहीं, बल्कि विदेशों में रह रहे अग्रवाल समाज के युवा भी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागी अपने घर या कार्यस्थल से ही मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से जुड़ सकेंगे।
0 कोरबा की शोभा केडिया व टीम के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी

कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए संगठन की ‘मंगल परिणय आयोग’ की संयोजिका श्रीमती शोभा केडिया (कोरबा) अपनी टीम की सदस्यों श्रीमती रजनी डालमिया एवं श्रीमती शशि अग्रवाल के साथ जुटी हुई हैं। टीम द्वारा पंजीयन से लेकर प्रतिभागियों को तकनीकी व आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का काम निरंतर किया जा रहा है। चेयरमैन अशोक मोदी ने पूरी टीम के समर्पण की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन अनेक परिवारों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

