TTN डेस्क
कोरबा: बच्चों और किशोरों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से औद्योगिक नगरी कोरबा में छत्तीसगढ़ स्टेट पेडीकॉन कोरबा 2026 (Chhattisgarh State PEDICON KORBA 2026) का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कोरबा एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की मेजबानी में यह तीन दिवसीय बाल रोग सम्मेलन 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक जश्न रिसोर्ट, कोरबा में आयोजित किया
जाएगा। इस सम्मेलन में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित देश-प्रदेश के कई वरिष्ठ विशेषज्ञ वक्ता शामिल होंगे।
0‘From Clues to Cure’ थीम पर होगा मंथन
आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ हरीश नायक एवं सेक्रेटरी डॉ रियाज खान ने बताया कि तीन दिवसीय इस मुख्य सम्मेलन की थीम ‘From Clues to Cure’ रखी गई है। आयोजन के दौरान बच्चों में बदलती बीमारियों की शुरुआती पहचान, उनके सटीक उपचार की नई पद्धतियों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं पर गंभीर चर्चा होगी। विशेषज्ञ चिकित्सक अपने चिकित्सकीय अनुभव और महत्वपूर्ण सुझाव साझा करेंगे, जिससे बाल चिकित्सा (पीडियाट्रिक्स) के क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान को एक नया आयाम मिलेगा। आयोजन के पोस्टर फैकल्टी में पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना, डॉ. मधुश्री देशपांडे, डॉ. ओमेश खुराना और डॉ. माला चौधरी जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों के नाम शामिल हैं।
0 विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए विशेष स्वास्थ्य कार्यशाला
सम्मेलन के पहले दिन यानी 23 अक्टूबर को कक्षा 7वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
समय एवं तिथि: 23 अक्टूबर, सुबह 11:00 बजे
स्थल: श्री हरकिशन पब्लिक स्कूल, टीपी नगर, कोरबा
कार्यशाला समन्वयक: डॉ. धरमवीर सिंह
यह कार्यशाला इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की OJAS (Optimising Juvenile & Adolescent Health in Schools) पहल से जुड़ी हुई है। इसमें राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ चिकित्सक किशोरावस्था के दौरान शरीर में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों, उचित पोषण, स्वस्थ जीवनशैली, स्क्रीन टाइम के दुष्प्रभावों और बच्चों की सुरक्षा जैसे बेहद महत्वपूर्ण विषयों पर बच्चों और अभिभावकों का मार्गदर्शन करेंगे।
0 प्रमुख कार्यक्रम विवरण एक नजर में
कार्यक्रम: छत्तीसगढ़ स्टेट पेडीकॉन कोरबा 2026 (बाल रोग सम्मेलन)
मुख्य सम्मेलन तिथि: 23 से 25 अक्टूबर 2026
मुख्य सम्मेलन स्थल: जश्न रिसोर्ट, कोरबा
विशेष हेल्थ वर्कशॉप: 23 अक्टूबर, सुबह 11:00 बजे स्थान : श्री हरकिशन पब्लिक स्कूल, टीपी नगर कोरबा
अधिक जानकारी एवं संपर्क नंबर: 8966905259
कोरबा एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स ने क्षेत्र के सभी बाल रोग विशेषज्ञों, चिकित्सा से जुड़े विद्यार्थियों और अभिभावकों से इस सम्मेलन एवं कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।


