TTN डेस्क
कोरबा / कटघोरा:
छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की कोरबा जिला इकाई का दीपावली मिलन समारोह एवं वनभोज का भव्य आयोजन झोराघाट में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पंचायत छुरीकला की अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी देवांगन ने की। कार्यक्रम के दौरान कटघोरा विधायक ने अखबार वितरकों की मांग पर बड़ा ऐलान करते हुए उनके लिए 15 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण कराने की घोषणा की, जिससे पूरे प्रांगण में खुशी की लहर दौड़ गई और तालियों से पंडाल गूंज उठा।
0 हर परिस्थिति में अखबार पहुंचाने वालों का किया सम्मान
मुख्य अतिथि विधायक प्रेमचंद पटेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अखबार वितरण का कार्य किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। भीषण गर्मी, कड़ाके की ठंड या मूसलाधार बारिश—हर परिस्थिति में अखबार वितरक निष्ठा के साथ सुबह-सुबह हमारे घरों तक अखबार पहुंचाते हैं, जिससे हम चाय की चुस्की के साथ देश-दुनिया की खबरें जान पाते हैं। उन्होंने कहा कि अखबार विश्वसनीयता और तथ्यों पर आधारित होते हैं, जिनका अध्ययन हर वर्ग के लिए बेहद जरूरी है।
0 विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता संजय शर्मा, प्रीतम देवांगन, समजीत सिंह, अजय धनोदिया, श्री दुलानी, आकाश शर्मा और संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदमसिंह चंदेल ने शिरकत की। साथ ही माँ सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय का विशेष स्नेह और आशीर्वाद संघ को प्राप्त हुआ।
0सांस्कृतिक रंग और लजीज व्यंजनों का आनंद
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के स्वागत में जोरदार आतिशबाजी की गई। जादूगर शंकर के जादुई करतबों ने उपस्थित सभी लोगों और बच्चों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद सभी सदस्यों और अतिथियों ने वनभोज में स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। कार्यक्रम का सफल संचालन करमजीत भारद्वाज ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रेस क्लब कटघोरा के अध्यक्ष अजय धनोदिया ने किया।
0।मातृशक्ति और बड़ी संख्या में वितरक रहे मौजूद


समारोह में छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के जिला संरक्षक रेशमलाल साहू, जिला अध्यक्ष विपेन्द्र साहू, जिला सचिव जय सिंह नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, कटघोरा इकाई अध्यक्ष कन्हैया (बबलू) यादव, भिलाई बाजार इकाई अध्यक्ष महेंद्र राठौर, उपाध्यक्ष विजय दास, बिलासपुर अध्यक्ष सियाराम समेत जिले भर से सैकड़ों की संख्या में अखबार वितरक, मातृशक्ति अखबार वितरक संघ की सदस्याएं, पत्रकारगण और समाजसेवी उपस्थित रहे। अंत में जिला अध्यक्ष विपेन्द्र साहू ने इस आयोजन को सफल बनाने वाले सभी पत्रकारों, अतिथियों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


