00 प्रयागराज से झांसी जेल जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार डिवाइडर से टकराकर 7 फीट हवा में उछली; हादसे में दोस्त सोनू की भी मौत, 3 गंभीर घायल।
TTN डेस्क
झांसी/पूंछ:माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान (21 वर्ष) की गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा झांसी से लगभग 70 किलोमीटर पहले पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानपुर-झांसी हाईवे पर हुआ। अबान अपने 4 दोस्तों के साथ सुबह 5 बजे प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने के लिए क्रेटा कार से निकला था।
0 भीषण टक्कर: 7 फीट हवा में उछली कार, 40 फीट तक बिखरे टुकड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हल्की बारिश के कारण हाईवे गीला था और कार की रफ्तार 120 किमी/घंटा से अधिक थी। पूंछ थाना क्षेत्र के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हवा में 7 फीट तक उछल गई और लगभग 40 फीट दूर जा गिरी। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिससे सभी 5 लोग अंदर फंस गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
0 प्रत्यक्षदर्शी बोले: “मुंह में खून भरा था, कहा- मुझे बचा लो…”
घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय नागरिक दीपक यादव ने बताया कि कार का दरवाजा लॉक हो चुका था। उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ ही पास के घर से सबबल (लोहे की रॉड) लाकर दरवाजा तोड़ा। दीपक के अनुसार, “अंदर बैठे युवक के मुंह में खून भरा हुआ था। उसने बाहर निकलते ही कहा— ‘मेरा नाम अबान है, मुझे बचा लो…’ और इतना कहते ही वह बेहोश हो गया।”
0 दो की मौके पर मौत, तीन की हालत गंभीर
हादसे में कार की आगे की सीट पर बैठे अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार अन्य तीन साथी—उमर अहमद, मोहम्मद जैद और अहजाम गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भिजवाया है, जहां दो घायलों के हाथ और एक का पैर फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
0 हादसे की दो वजहें आई सामने
हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं:
पशु को बचाने की कोशिश: प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हाईवे पर अचानक एक बछड़ा आ गया था, जिसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने कार बाईं ओर मोड़ी। इसी दौरान सामने बाइक सवार आने पर दोबारा गाड़ी मोड़ने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हाईवे पर ईंट: वहीं कार में सवार घायल उमर अहमद ने बताया कि सड़क पर ईंट पड़ी हुई थी, जिससे टकराने के बाद कार बेकाबू हो गई।
0 अतीक परिवार का इतिहास और सुपुर्द-ए-खाक की तैयारी
अतीक अहमद के 5 बेटों में अबान सबसे छोटा था। इससे पहले उसका एक भाई असद 2023 में झांसी में ही पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल तथा अली झांसी जेल में बंद है। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन पर 50 हजार का इनाम है और वह फरार चल रही है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार अबान का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों व रिश्तेदारों को सौंपा जाएगा। शुक्रवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में अतीक अहमद की कब्र के पास ही उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
0 मंत्री का बयान: ‘दुर्घटना को दुर्घटना के नजरिए से ही देखें’




मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि “दुर्घटना केवल एक दुर्घटना होती है, इसे किसी अन्य नजरिए या दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। बिना जांच के कुछ भी कहना उचित नहीं है।”

