भगवा वस्त्र और सनातन धर्म के अपमान का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
TTN डेस्क
वाराणसी।सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव द्वारा संसद परिसर में संत के भेष में किए गए विरोध-प्रदर्शन के खिलाफ वाराणसी में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है। कोतवाली थाने में महंत बालक नाथ ने सांसद के खिलाफ शिकायत सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
काशी ज़ोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गौरव बंसवाल ने बताया कि शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल उन वीडियो से संबंधित है, जिनमें सांसद पप्पू यादव संत के रूप में नजर आ रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
0 सनातन और साधु-संतों का अपमान करने का आरोप

शिकायतकर्ता महंत बालक नाथ ने कहा, “सांसद पप्पू यादव ने जिस प्रकार भगवा वस्त्र धारण कर सनातन धर्म और साधु-संतों की परंपरा का अपमान किया है, उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है और प्रशासन से कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।”
0 क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को निर्दलीय सांसद पप्पू यादव संत का भेष धारण कर संसद पहुंचे थे। वहां उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे में कथित चोरी का आरोप लगाते हुए अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया था, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं।

