TTN डेस्क
रायपुर।भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित की गई नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। प्रदेश के दो वरिष्ठ नेताओं को संगठन में बड़ी जिम्मेदारियों से नवाजा गया है। सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, वहीं दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक का अहम प्रभार सौंपा गया है।इससे पहले ये जिम्मेदारी अमित मालवीय सम्हाल रहे थे।
0 दूसरा मौका जब छत्तीसगढ़ के हाथ महिला मोर्चा की कमान
यह दूसरा अवसर है जब भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान छत्तीसगढ़ के किसी नेता को सौंपी गई है। इससे पहले राज्य की वरिष्ठ नेता सरोज पांडेय भी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुकी हैं। हालांकि, पार्टी की इस नई राष्ट्रीय टीम में सरोज पांडेय का नाम शामिल नहीं है और उन्हें इस बार संगठन से बाहर रखा गया है; वे इससे पहले पार्टी में राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। रूप कुमारी चौधरी की इस नियुक्ति को राज्य में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और संगठन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
0 राम माधव और स्मृति ईरानी की राष्ट्रीय टीम में वापसी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा जारी 69 पदाधिकारियों की इस नई सूची में कई बड़े और चर्चित चेहरों की वापसी देखने को मिली है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर संगठन में पुनः बड़ी भूमिका दी है। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की भी राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है, जिन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। नई टीम में आगामी चुनाव रणनीतियों और सांगठनिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए 12 महिलाओं सहित विभिन्न राज्यों के दिग्गजों को शामिल किया गया है।

