

00 असंगठित कर्मकार मंडल की बैठक में श्रमिकों के हित में कई अहम निर्णय; पंजीकृत चरवाहों को भी हर साल मिलेगी 12 हजार की आर्थिक मदद
TTN डेस्क
नवा रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को हु8। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने की। बैठक में मंडल के अधीन पंजीकृत श्रमिक भाई-बहनों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई ऐतिहासिक व जनहितकारी निर्णय लिए गए।
0 गिग वर्कर्स और ई-रिक्शा चालकों की चमकेगी किस्मत
बैठक में प्रदेश के गिग वर्कर्स (विभिन्न कंपनियों में डिलीवरी का कार्य करने वाले श्रमिकों) के हित में एक बड़ा फैसला लिया गया। अब इन श्रमिकों को ई-बाइक और ई-स्कूटी खरीदने के लिए प्रति कर्मकार 30,000 रुपये का अनुदान देने की योजना बनाई जाएगी। इससे जहां उनकी आजीविका सशक्त होगी, वहीं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही, ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत मिलने वाली अनुदान राशि में भारी बढ़ोतरी की गई है। श्रमिकों को मिलने वाले इस अनुदान को 50 हजार रुपये से सीधे बढ़ाकर अब 1 लाख रुपये करने का निर्णय लिया गया है।
0 पंजीकृत चरवाहों को भी मिलेगी सामाजिक सुरक्षा
असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत चरवाहों को रबी सीजन (दिसंबर से मई माह तक) के दौरान आंशिक रोजगार और सामाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से एक नई आर्थिक सहायता योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत पात्र हितग्राहियों को 1,000 रुपये प्रति माह की दर से कुल 12,000 रुपये की सहायता राशि दो किस्तों में प्रदान की जाएगी।
0 बैठक में ये रहे उपस्थित
श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को समर्पित इस बैठक में मंडल के सदस्य व माननीय विधायक श्री सुशांत शुक्ला, विधायक श्री चैतराम अटामी, उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, श्रम विभाग के सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी व सदस्यगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


