
TTN डेस्क
धौरपुर। छत्तीसगढ़ में सरगुजा के दौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा (परसापारा) में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव के बड़े किसान हीराधर यादव (55) और उनकी पत्नी गुलाबी यादव (50) की हत्या कर शवों को बोरे में भरकर एक बंद कमरे में छिपा दिया गया। घटना के बाद से उनका बड़ा बेटा जदू यादव (34) फरार है, जिस पर ही हत्या का संदेह जताया जा रहा है।
0 बंद कमरे का ताला तोड़ा तो उड़े होश
सोमवार सुबह छोटा बेटा मोहन अपने माता-पिता के घर दूध लेने पहुंचा। बाहर से दोनों दरवाजों की कुंडी लगी थी। काफी खोजबीन के बाद जब मोहन ने नौकर सुकृत नागेश के साथ अंदर जाकर देखा, तो एक कमरे में ताला लगा मिला। ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश करने पर अंदर का मंजर देखकर सब दंग रह गए। फर्श पर खून फैला हुआ था और दो बोरों में दंपत्ति के शव बंधे पड़े थे।
0 सिर पर मिले गहरे घाव
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी और धौरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अंबिकापुर से फोरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत ने भी घटनास्थल की जांच की। शवों के निरीक्षण से पता चला कि दंपत्ति के सिर पर फरसा या टांगी जैसे धारदार हथियार से हमला किया गया था। अत्यधिक खून बहने से दोनों की मौत हुई है। आशंका है कि साक्ष्य छुपाने की नीयत से शवों को बोरे में बांधा गया था।
0 बड़े बेटे पर ही हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
छोटा बेटा मोहन गांव में ही अलग घर में रहता है। उसने पुलिस को बताया कि बड़ा भाई जदू यादव अविवाहित है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती। वह लंबे समय से माता-पिता के साथ ही रह रहा था। एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी के अनुसार, फरार जदू यादव की तलाश के लिए रिश्तेदारों के ठिकाने और आसपास के जंगलों में सघन खोजबीन की जा रही है।

