00 राजस्थान दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का किया उद्घाटन, जोधपुर को दी नए टर्मिनल की सौगात
TTN डेस्क
बालोतरा/जोधपुर, 4 जुलाई।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के एक दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने प्रदेश को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने वैश्विक ऊर्जा संकट और भारत के मजबूत प्रबंधन पर बड़ा बयान दिया। पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिमी एशिया में छिड़े युद्ध के कारण 21वीं सदी का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट पैदा हो गया था। वैश्विक हालातों की वजह से देश में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 2 हजार रुपए तक पहुंच सकते थे, लेकिन सरकार के बेहतर मैनेजमेंट और सही इच्छाशक्ति के कारण देश इस बड़े संकट से बच गया और आज जनता को सिलेंडर 950 रुपए के करीब मिल रहा है।
0 पचपदरा में देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन
तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बालोतरा के पचपदरा पहुंचे। यहाँ उन्होंने देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरी का उद्घाटन किया। उद्घाटन से पहले पीएम ने रिफाइनरी के कंट्रोल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद एक्सपर्ट्स से विस्तृत बातचीत की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने जयपुर मेट्रो के फेज-2 की आधारशिला भी वर्चुअल माध्यम से रखी।
0 जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल और ‘उड़ान-2.0’ का शुभारंभ





इससे पहले शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर पहुंचे। जोधपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने नए टर्मिनल भवन का भव्य उद्घाटन किया और नए परिसर का अवलोकन किया। इसी मंच से नागरिक उड्डयन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने ‘उड़ान-2.0’ योजना की शुरुआत भी की। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि भारत ने अपने संसाधनों का सही इस्तेमाल किया है, जिसके कारण दुनिया का सबसे बड़ा संकट भी भारत की दृढ़ शक्ति के आगे छोटा हो गया।


