00 पेपर लीक के बाद 21 जून को दोबारा हुई थी परीक्षा; सफलता में छात्राओं का दबदबा बरकरार
TTN डेस्क
नई दिल्ली।नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात बहुप्रतीक्षित NEET UG 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए करीब 20 लाख विद्यार्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। जारी नतीजों के मुताबिक, कुल 11.21 लाख उम्मीदवारों ने देश के विभिन्न मेडिकल, डेंटल, आयुष (AYUSH) और अन्य संबद्ध पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए क्वालिफाई किया है।
0 आर्यन और पांशुल बने ऑल इंडिया टॉपर
इस वर्ष की परीक्षा में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से ऑल इंडिया टॉप किया है। दोनों ही होनहारों ने 720 में से 715 अंक हासिल कर नया कीर्तिमान रचा है। परीक्षा के ओवरऑल प्रदर्शन पर नजर डालें तो:
700 से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 19 रही।
690 से अधिक अंक कुल 138 उम्मीदवारों ने प्राप्त किए हैं।
पहली बार परीक्षा देने वालों का जलवा, बेटियों ने मारी बाजी
नतीजों के विश्लेषण से एक दिलचस्प ट्रेंड सामने आया है। इस बार टॉप स्कोर करने वाले अभ्यर्थियों में 93% से अधिक ऐसे स्टूडेंट्स हैं, जिन्होंने पहली बार ही यह परीक्षा दी थी। इसके अलावा, 99% टॉप रैंकर्स की उम्र 17 से 19 साल के बीच है।
सफलता के आंकड़ों में एक बार फिर छात्राओं का प्रतिशत बेहतर रहा है। क्वालिफाई करने वाले कुल उम्मीदवारों में से 58% से अधिक छात्राएं और 55.1% छात्र शामिल हैं।
0 यहाँ देखें अपना स्कोरकार्ड:
परीक्षा में शामिल हुए सभी अभ्यर्थी अपना व्यक्तिगत स्कोरकार्ड नीट की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
0 विवादों के बाद 21 जून को दोबारा आयोजित हुई थी परीक्षा

गौरतलब है कि इससे पहले 3 मई को आयोजित हुई नीट-यूजी परीक्षा को पेपर लीक के गंभीर आरोपों के कारण रद्द कर दिया गया था। इसके बाद एजेंसी ने त्वरित कदम उठाते हुए 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित कराई थी। यह पुनः परीक्षा देश और विदेश के 551 शहरों में कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 अलग-अलग भाषाओं में बेहद कड़ी निगरानी के बीच संपन्न कराई गई थी।


