


TTN डेस्क
नई दिल्ली: जंतर-मंतर और टॉलस्टॉय मार्ग पर बुधवार रात करीब 8:30 बजे छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पथराव और बोतलें फेंकी, जिसमें कनाट प्लेस के एसीपी (ACP) विवेक भगत घायल हो गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। करीब 15 मिनट चली इस झड़प के बाद स्थिति सामान्य हुई।
इस बीच राजधानी में सुरक्षा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियों (लगभग 2,000 जवान) को एयरलिफ्ट कर दिल्ली में तैनात किया है। सुरक्षा कारणों से बंद किए गए 16 मेट्रो स्टेशनों को शाम तक दोबारा खोल दिया गया।
वहीं, पुलिस ने RAF जवान पर हमले और गाड़ी में तोड़फोड़ के मामले में FIR दर्ज की है। दूसरी ओर, दिल्ली हाईकोर्ट ने छात्रों से मारपीट के मामले में दायर अर्जी पर सुनवाई करते हुए सरकार को संबंधित सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।


