


TTN डेस्क
कोरबा/गेवरा-दीपका।दीपका थाना क्षेत्र के कटघोरा रोड पर दिनदहाड़े किन्नरों और निजी कंपनी में कार्यरत पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद और खूनी संघर्ष के मामले में अब दोनों पक्षों के बयान सामने आए हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लात-घूंसे और चाकू लहराए जाने से अफरा-तफरी मच गई थी।
0 किन्नर समाज की शैली नायक का पक्ष और सफाई
मामले को लेकर किन्नर समाज की शैली नायक सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि मालती के निधन के बाद अब उन्हें जिम्मेदारी मिली है और हम लोग कोरबा के लोगों की खुशी के लिए दुआएं मांगते हैं, पर कभी ऐसी स्थिति नहीं बनी। शैली नायक ने स्पष्ट किया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार का रिएक्शन हुआ था,गाली गलौक की,गलत तरीके से छुआ जो असहनीय था, जिसके कारण समाज के लोगों में नाराजगी थी। उन्होंने चाकू मारने की घटना पर स्पष्ट किया कि वीडियो में नजर आ रहा हथियारबंद युवक उनके समाज या टोली से नहीं था, और वे उस व्यक्ति को नहीं जानती हैं। साथ ही, उन्होंने चंदा मांगने के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि किन्नर समाज केवल दुआ और आशीर्वाद देता है, जिसे लोग अपनी खुशी से देते हैं।
0 पंकज सिंह का पक्ष और आरोपों का खंडन
दूसरी ओर, घायल पंकज सिंह ने किन्नर समूह के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पंकज सिंह ने कहा कि उन्होंने कोई छेड़छाड़ नहीं की और ना ही किसी के साथ कोई अभद्र व्यवहार किया है। उनके मुताबिक, किन्नर समूह और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने उन पर जबरदस्ती हमला किया तथा जान से मारने की नियत से चाकू और डंडों का इस्तेमाल किया।
0 तनावपूर्ण स्थिति और पुलिस की जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किन्नर समाज के लोग ढोलक बजाते हुए बधाई दे रहे थे, इसी दौरान बजरंग चौक के पास कटघोरा रोड स्थित संजय पान पैलेस पर विवाद शुरू हुआ जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे प्रतीक सिंह के साथ भी मारपीट की गई। व्यस्त चौराहे पर हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और दुकानें बंद हो गईं। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई है, और पुलिस प्राप्त शिकायतों व वायरल वीडियो के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।


