





00 18 प्रतिभावानों को दिया गया अग्र अलंकरण सम्मान; राजनीति के क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल सम्मानित
00 छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन का दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय महाकुंभ अम्बिकापुर में भव्यता से सम्पन्न
00 प्रदेशभर से जुटे 1000 से अधिक पदाधिकारी व प्रतिनिधि, सोनल जैन की काव्य संध्या ने देर रात तक बांधा समां
अम्बिकापुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में 19 एवं 20 सितंबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय ‘अग्र अलंकरण समारोह एवं अग्र महाकुंभ 2026’ सामाजिक एकजुटता, संगठनात्मक शक्ति और सेवा परंपराओं के महाउत्सव के रूप में ऐतिहासिक सफलता के साथ सम्पन्न हुआ।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमैन श्री अशोक कुमार मोदी (कोरबा) ने बताया कि इस भव्य आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों व संभागों से 1000 से अधिक पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों, युवाओं व महिला कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
0 महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश का ऐलान
महाकुंभ का सबसे ऐतिहासिक क्षण तब आया जब कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मंच से अग्रवाल समाज की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए महाराजा अग्रसेन जयंती पर छत्तीसगढ़ में शासकीय अवकाश घोषित करने का ऐलान किया। घोषणा होते ही पूरा सभागार करतल ध्वनि से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अग्रवाल समाज ने व्यापार-उद्योग के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, विधायक श्री अमर अग्रवाल, विधायक श्री संपत अग्रवाल, सांसद श्री चिंतामणि महाराज एवं योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
018 प्रतिभावानों को मिला ‘अग्र अलंकरण’, मंत्री राजेश अग्रवाल अलंकृत
महाराजा अग्रसेन जी के 18 गोत्रों की परंपरा को सहेजते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 18 विशिष्ट व्यक्तित्वों को ‘अग्र अलंकरण सम्मान’ से अलंकृत किया गया। राजनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल को अग्र अलंकरण प्रदान किया गया। इस सम्मान को कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर श्री राजा मोदी द्वारा प्रायोजित किया गया था।
0 कोरबा से अम्बिकापुर पहुंची बड़ी संख्या में समाज की टोली
आयोजन में सरगुजा संभाग के अध्यक्ष श्री पवन अग्रवाल, महामंत्री श्री सुनील “बॉबी” अग्रवाल एवं अम्बिकापुर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष श्री संजय मित्तल की व्यवस्थाओं में सराहनीय भूमिका रही। वहीं कोरबा से श्रीकांत बुधिया, श्री राजेन्द्र अग्रवाल, श्रीमती शोभा केडिया, श्रीमती प्रेमा अग्रवाल, श्रीमती किरण मोदी, श्री संतोष अग्रवाल, श्री अमरनाथ अग्रवाल, श्री जगदीश प्रसाद अग्रवाल, श्री भगवती प्रसाद गोयनका, श्रीमती रजनी सुल्तानिया व श्रीमती सरला मित्तल सहित बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने अम्बिकापुर पहुंचकर सहभागिता दर्ज कराई।
0 सोनल जैन की काव्य संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
साहित्यिक व सांस्कृतिक संध्या के तहत कवयित्री सोनल जैन एवं उनकी टीम द्वारा भगवान अग्रसेन के आदर्शों व गौरवशाली इतिहास पर केंद्रित ओजस्वी व भावपूर्ण काव्य पाठ प्रस्तुत किया गया। देर रात 1 बजे तक दर्शक दीर्घा में उपस्थित समाजजन कविताओं का आनंद लेते रहे।
0 चेयरमैन अशोक मोदी ने जताया आभार
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमैन श्री अशोक कुमार मोदी (कोरबा) ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासकीय अवकाश की ऐतिहासिक घोषणा से पूरा अग्रवाल समाज आह्लादित है। उन्होंने आयोजन की अभूतपूर्व सफलता के लिए प्रदेशभर से आए सभी अतिथियों, प्रतिनिधियों, सरगुजा संभाग व अम्बिकापुर की आयोजन समिति तथा युवाओं व महिलाओं का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।


