TTN डेस्क
विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश विश्वविद्यालय के डॉ. वाई.वी.एस. मूर्ति ऑडिटोरियम में ‘भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ’ की 13वीं कार्यकारिणी बैठक का सफल आयोजन किया गया। ‘नव आंध्र प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ’ के संयोजन में आयोजित दो दिवसीय (16-17 सितंबर) इस कार्यक्रम में देश के आठ राज्यों से 400 से अधिक श्रमजीवी पत्रकारों और विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पदार्पण और भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन का जन्मदिन बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया।
0 वर्ष 1971 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं आसिफ इकबाल
समारोह के दौरान वर्ष 1971 से निरंतर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे रायपुर (छत्तीसगढ़) के वरिष्ठ श्रमजीवी पत्रकार आसिफ इकबाल को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ देने की घोषणा की गई। इस दौरान पूरे सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जी.वी.एल. नरसिम्हा राव, संस्थापक-सचिव शाहनवाज हसन, नव आंध्र प्रदेश पत्रकार संघ के वीरभद्र राव, संघ के महासचिव गिरधर शर्मा तथा भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार कृष्णमोहन झा ने संयुक्त रूप से आसिफ इकबाल को शॉल, स्मृति चिन्ह और 11 हजार रुपये की सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया।
0 वरिष्ठ पत्रकारों ने दी बधाइयां


इस उपलब्धि पर पत्रकार श्रीधर राव (भिलाई), गायत्री जी (उत्तराखंड), शुभेंदु चटर्जी (पश्चिम बंगाल), अली खान (चित्तूर, तमिलनाडु), विक्की पंजवानी, लवलेश द्विवेदी, शेख आबिद (रायपुर), राघवेंद्र मिश्रा (विशाखापत्तनम), अरविंद ठाकुर (साहिबगंज) तथा नजरुल इस्लाम (रांची) सहित कई पत्रकार साथियों ने आसिफ इकबाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


