फोटो: AI निर्मित
00 बलौदा के महुदा में झोपड़ी पर गिरी गाज, अकलतरा के सीसीआई के पास घर लौटते किसान की गई जान
TTN डेस्क
जांजगीर-चांपा/बलौदा।
जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों का इलाज जारी है।
0 बारिश से बचने झोपड़ी में छिपे थे 6 लोग, 3 की मौत
पहली घटना बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा की है। बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के अनुसार, गांव में नदी किनारे एक बाड़ी में 4 पुरुष और 2 महिलाएं सब्जी की फसल पर काम कर रहे थे। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच तेज बारिश शुरू होने पर सभी लोग बचाव के लिए बाड़ी में बनी एक छोटी झोपड़ी में चले गए। उसी दौरान झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर सभी 6 लोग झुलस गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने नरेश खेरवार (24), राम भरोसा पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
0 ससुराल से लौट रहे किसान की अकलतरा में मौत
दूसरी घटना अकलतरा थाना क्षेत्र में सीसीआई के पास हुई। बलौदा क्षेत्र निवासी किसान दुजराम जाटवर (55) खेती के काम से अपने ससुराल ग्राम मुरलीडीह आया हुआ था। शाम को जब वह अपने घर लौटने के लिए निकला, तभी रास्ते में आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार, रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

