TTN डेस्क
कोरबा, 5 सितंबर: भारतीय जनता पार्टी जिला शिक्षा प्रकोष्ठ कोरबा द्वारा आज दीनदयाल कुंज भाजपा जिला कार्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य शिक्षक सम्मान समारोह और नवगठित शिक्षा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की प्रथम परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक राष्ट्रगान एवं राज्य गीत के साथ किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य, कर एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की। विशेष अतिथियों के रूप में कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत, बिलासपुर संभाग शिक्षा प्रकोष्ठ के सहप्रभारी जयकुमार मिश्रा, मीडिया सहसंयोजक विनय आनंद, रफ्तार-अनादि न्यूज के रायपुर मीडिया प्रभारी विमलेन्द्र तिवारी, रायपुर संभाग के भाजपा संगठन सहप्रभारी राजीव सिंह, बांकी मोंगिया नगर पालिका अध्यक्ष सोनी झा, पाली-तानाखार विधानसभा के पूर्व विधायक राम दयाल उइके, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद कोहड़िया नरेंद्र देवांगन और भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के.डी. वैष्णव मंचस्थ रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत माता और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैल चित्रों पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण किया। इसके पश्चात पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया गया। स्वागत उद्बोधन भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं कोरबा जिला संयोजिका मीना शर्मा द्वारा दिया गया।
0 ज्येष्ठ व श्रेष्ठ शिक्षकों का सम्मान
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में कोरबा जिले के अनेक ज्येष्ठ और श्रेष्ठ वरिष्ठ शिक्षकों को आमंत्रित किया गया। अतिथियों द्वारा इन सभी गुरुजनों को श्रीफल, शाल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
0 वक्ताओं के विचार
सरस्वती शिशु मंदिर सीतामढ़ी के प्राचार्य विद्यानंद पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों के महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि भाजपा शासन काल में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। बिलासपुर संभाग सहप्रभारी जयकुमार मिश्रा ने कहा कि शिक्षक देश की प्रगति में अपनी धुरी भूमिका निभा रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन चरित्र को साझा करते हुए राष्ट्र निर्माण में शिक्षा के महत्व को समझाया।
0 शिक्षा के उन्नयन के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मंत्री लखन लाल देवांगन
मुख्य अतिथि मंत्री लखन लाल देवांगन ने अपने मुख्य संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार राज्य में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने, शालाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों के नवनिर्माण तथा उनके उन्नयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है।
0 गरिमामयी उपस्थिति एवं आभार प्रदर्शन



इस दौरान शिक्षा प्रकोष्ठ के सहसंयोजक चंद्र भूषण मिश्रा, संतोष यादव, शैलेंद्र सिंह, चंद्र भूषण झा, संजय मानिकपुरी, पूजा राय, आभा दुबे, लीला राम पटेल और संतोष राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सपना झा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन चंद्र भूषण मिश्रा द्वारा किया गया।

