TTN डेस्क 
कोरबा: साइबर ठगों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका निकाला है, जिससे लोगों के फोन तेजी से हैक किए जा रहे हैं. कोरबा में आज कई लोगों के व्हाट्सएप पर उनके परिचितों के नंबर से शादी के निमंत्रण का संदेश और साथ में एक डिजिटल निमंत्रण पत्र की फाइल भेजी गई.
जब एक स्थानीय रेस्टोरेंट संचालक, एक पंडित जी और कुछ अन्य लोगों ने इस तरह के संदेश मिलने के बाद अपने उन परिचितों से फोन पर संपर्क किया जिनके नंबर से संदेश आया था, तो खुलासा हुआ कि उनका फोन हैक हो चुका है और उनके व्हाट्सएप का इस्तेमाल करके बिना उनकी जानकारी के ऐसे संदिग्ध संदेश आगे भेजे जा रहे हैं।
0 क्या है ठगी का यह नया हथकंडा?
साइबर ठग व्हाट्सएप पर शादी का झांसा देकर .apk फॉर्मेट वाली फाइल भेज रहे हैं। यह कोई साधारण पीडीएफ या इमेज फाइल नहीं बल्कि एक मैलवेयर (एप्लिकेशन पैकेज फाइल) होती है। जैसे ही कोई यूजर इस एपीके फाइल को डाउनलोड करके इंस्टॉल करता है, फोन का पूरा नियंत्रण साइबर ठगों के पास चला जाता है। इसके बाद ठग पीड़ित के फोन से उसका निजी डेटा चुरा लेते हैं और उसके संपर्कों (Contacts) को इसी तरह के फर्जी संदेश भेजकर उनके फोन भी हैक करने लगते हैं।यही नहीं उनके बैंक अकाउंट से भी ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर कर लिए जाते है।वाट्सअप पर मैसेज भेज परिचितों से रकम ऑनलाइन मांग ली जाती है।
0 इन बातों का रखें विशेष ध्यान
किसी भी अज्ञात या संदिग्ध नंबर से आने वाली .apk फाइल को बिल्कुल डाउनलोड या ओपन न करें।
यदि किसी परिचित के नंबर से भी शादी या किसी अन्य कार्यक्रम का ऐसा संदिग्ध आमंत्रण मिले, तो पहले उन्हें कॉल करके पुष्टि जरूर कर लें।
व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया पर मिलने वाले डिजिटल कार्ड हमेशा इमेज (.jpg, .png) या पीडीएफ (.pdf) फॉर्मेट में होते हैं, एपीके (.apk) फॉर्मेट में नहीं।


