00 अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और 501 महिलाओं का सामूहिक मंगलपाठ रहेगा मुख्य आकर्षण
TTN डेस्क






कोरबा। धर्म, आस्था और सामाजिक समरसता के प्रतीक श्री सप्तदेव मंदिर में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और श्री भादी अमावस्या उत्सव अत्यंत भव्य एवं दिव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। दोनों धार्मिक आयोजनों को ऐतिहासिक बनाने के लिए मंदिर परिसर में विभिन्न समाजों, धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रमुखों एवं गणमान्य नागरिकों की एक वृहद बैठक संपन्न हुई। दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुई इस बैठक में आयोजनों की रूपरेखा तय की गई और सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रमुख ट्रस्टी श्री अशोक मोदी एवं मंदिर प्रबंधन समिति ने बताया कि आगामी 4 सितंबर (शुक्रवार) को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तथा 11 सितंबर (शुक्रवार) को श्री भादी अमावस्या उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
0 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दिनभर गूंजेंगे भक्ति के तराने:
प्रतियोगिताएं एवं भजन
4 सितंबर को प्रातःकाल से ही लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता, श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता तथा भजन-कीर्तन के आयोजन होंगे।
भक्ति संध्या: प्रसिद्ध भजन गायक शुभम गोयल भगवान श्री कृष्ण के भजनों की संगीतमय प्रस्तुति देंगे।
महानिशा पूजा व आतिशबाजी: रात्रि 12 बजे भगवान के प्राकट्य पर विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भव्य आतिशबाजी की जाएगी।
0 भादी अमावस्या पर होंगे कई विशेष अनुष्ठान
धार्मिक कार्यक्रम (10 सितंबर): अमावस्या की पूर्व संध्या पर सायं 4 से 7 बजे तक मेहंदी उत्सव, पगधोई, ज्वारा उत्सव एवं भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
अखिल भारतीय कवि सम्मेलन: 10 सितंबर की रात्रि 8 से 11 बजे तक देश के सुप्रसिद्ध कवियों का जमावड़ा होगा, जो अपनी काव्य रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
501 महिलाओं का मंगलपाठ (11 सितंबर): भादी अमावस्या के मुख्य दिन लगभग 501 महिलाओं द्वारा श्री राणी सती दादी जी का सामूहिक मंगलपाठ किया जाएगा।
बैठक में श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट के संजय मोदी, राजा मोदी, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, किरण मोदी, अंकिता मोदी, निकिता मोदी, वेदांत मोदी सहित अग्रवाल सभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, ब्राह्मण समाज, श्री श्याम मित्र मंडल, पतंजलि योगपीठ, ब्रह्माकुमारी संस्था, हिन्दू नारायणी सेना, विहिप और मारवाड़ी महिला संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट एवं आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार उपस्थित होकर इन सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का धर्म लाभ उठाने की भावभीनी अपील की है।


