


TTN डेस्क
कोरबा। शहर के लक्ष्मणबंध इलाके में रिश्तों की कड़वाहट और रोज-रोज के क्लेश ने एक महिला की जिंदगी छीन ली। 40 वर्षीया लक्ष्मी मानिकपुरी ने मौत को गले लगाने से पहले दीवार को अपना सुसाइड नोट बनाया और उकेरा— ‘मेरी मौत की जिम्मेदार बहू है’।
इतना ही नहीं, फांसी के फंदे पर झूलने से ठीक पहले लक्ष्मी ने अपने मोबाइल से एक दर्दनाक वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था, जिसमें उसके घर की चारदीवारी के भीतर घुट रही तड़प साफ झलक रही है।
0 शादी के बाद संभली नहीं जिंदगी, बढ़ा गृहकलह
कोरोना काल में अपने पहले पति को खो चुकी लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को ठेकेदार कार्तिक दास के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से दूसरा घर बसाया था। दोनों के पहले से दो-दो बेटे थे। उम्मीद थी कि नई शुरुआत से खुशियां लौटेंगी, लेकिन परिवार में सास-बहू के बीच तकरार का सिलसिला बढ़ता ही गया।
सामने आए एक भावुक वीडियो में पति, बहू और बेटे के बीच होती तीखी कहासुनी कैद है। लक्ष्मी उसमें प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जान देने की बात कह रही है। एक तरफ छोटा बेटा बिलख-बिलखकर मां को रोकने की कोशिश कर रहा है, तो बड़ा बेटा कहता दिख रहा है— “हम हैं न मम्मी, ठंडे दिमाग से काम लो…” लेकिन लक्ष्मी का सब्र जवाब दे चुका था।
0 हैंडराइटिंग एक्सपर्ट खंगालेंगे दीवार का ‘सुसाइड नोट’
घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। कमरे की दीवार पर लिखे संदेश की प्रामाणिकता साबित करने के लिए पुलिस अब हैंडराइटिंग एक्सपर्ट्स का सहारा ले रही है।
मामले की जांच को लेकर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दीवार पर लिखी इबारत, मोबाइल में मिले वीडियो और परिजनों के बयानों को आधार बनाकर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
_________________________
नोट : हर जीवन अमूल्य है।मदद और सहायता उपलब्ध है…
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या किसी भी कठिन परिस्थिति से गुजर रहा है, तो कृपया अकेले इसका सामना न करें। आत्महत्या किसी भी समस्या का हल नहीं है। कठिन समय में बात करना और सही सहायता लेना ही समझदारी है।
आप किसी भी समय नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करके परामर्श और सहायता प्राप्त कर सकते हैं:
टेली-मानस (Tele-MANAS) हेल्पलाइन (भारत सरकार): 14416 या 1800-891-4416 (24 घंटे उपलब्ध, निःशुल्क)
किरण (KIRAN) मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन: 1800-599-0019
वेंद्रेवाला फाउंडेशन (Vandrevala Foundation): +91 9999 666 555
आसरा (AASRA): +91 98204 66726
अपनी बात अपनों से या किसी काउंसलर से शेयर करें। हर समस्या का समाधान बातचीत से संभव है।
_________________________


