



00 आईआईएम रायपुर में शुरू हुई दो दिवसीय बैठक, छत्तीसगढ़ के विकास और जनहित की योजनाओं पर होगा मंथन
TTN डेस्क
नवा रायपुर, 4 जुलाई।छत्तीसगढ़ में सुशासन और विकास को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘चिंतन शिविर 3.0’ का भव्य शुभारंभ हो गया है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रतिष्ठित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) परिसर में आयोजित इस उच्च स्तरीय शिविर में राज्य सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री शामिल हो रहे हैं।
इस दो दिवसीय चिंतन शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सर्वांगीण विकास, जनहित की योजनाओं को धरातल पर मजबूत करने और प्रशासनिक सुशासन के नए आयाम तय करना है। शिविर के दौरान राज्य के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
0 मंत्रियों को मिलेंगे प्रबंधन और सुशासन के टिप्स
आईआईएम (IIM) जैसे विशेषज्ञ संस्थान में आयोजित हो रहे इस शिविर में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य न सिर्फ प्रदेश की वर्तमान प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करेंगे, बल्कि नीति निर्माण और योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए आधुनिक प्रबंधन के गुर भी सीखेंगे। माना जा रहा है कि इस शिविर के मंथन से निकलने वाले निर्णय आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा तय करने में बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगे।


