देखिए वीडीओ…चंपारण : नंद के आनंद भयो… भागवत कथा में कृष्ण जन्म के उल्लास में झूमे श्रद्धालु

00 कमलेश महाराज ने कहा: प्रभु के हर अवतार में विश्व कल्याण का निहित संदेश

TTN डेस्क

चंपारण, छत्तीसगढ़। श्री महाप्रभु जी की बैठक, सत्संग भवन में नागपुर के भाटिया, कंकाल एवं धूल्ला परिवार द्वारा आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में रविवार का दिन अत्यंत भक्तिमय और उत्साहपूर्ण रहा। इस पावन अवसर पर वामन अवतार, श्री राम अवतार और श्री कृष्ण जन्म के साथ नंदोत्सव का अलौकिक प्रसंग मनाया गया।

0 प्रभु अवतार की कथा है जीवन कल्याण का संदेश : कमलेश महाराज

व्यासपीठ पर विराजित पंडित कमलेश दवे महाराज ने लीलाओं के वर्णन के पश्चात भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभु का हर अवतार केवल एक कथा नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व कल्याण का निहित संदेश है। विशेष रूप से कृष्ण जन्म और नंदोत्सव का प्रसंग यह सिखाता है कि आनंद और भक्ति ही जीवन का मूल आधार हैं।

0 फूलों की होली और बधाइयों का उद्घोष

कमलेश महाराज के संबोधन के पश्चात, कथा पंडाल भक्ति और उल्लास में डूब गया। चंपारण में आयोजित इस भागवत कथा में आज नंदोत्सव अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। सभी श्रद्धालुओं ने विशेष उत्साह के साथ फूलों की होली खेली और कृष्ण जन्म की बधाइयाँ दीं। पूरा वातावरण “नंद घर आनंद भयो… जय हो नंदलाल की…” के उद्घोष से गूँज उठा, जिस पर भक्तों ने खूब रास गरबा किया और बाल गोपाल के आगमन का उत्सव मनाया।

0 भजन और पूजा में है इनका सहयोग

कथा कीर्तन भजन की सुमधुर रसधारा अभिषेक पंड्या, मोरबी द्वारा प्रस्तुत की जा रही है, जिनकी मनमोहक प्रस्तुति को अजीत (की-बोर्ड) और किशन (तबला) अपनी संगत से और भी सरस बना रहे हैं।
भागवत कथा के पूजन और जाप कार्य में आचार्य वृन्द पुनीत दवे, बिपिन पांडेय, उदय पांडे, शशिभूषण उपाध्याय, विनय उपाध्याय, बालमुकुंद पांडेय, दयानंद पांडेय, गोपाल पांडेय और रविकर की सक्रिय भागीदारी से संपूर्ण आयोजन सफल हो रहा है।

0 अगला प्रसंग:
सोमवार को शाम 6 बजे गोवर्धन पूजा का पावन प्रसंग आयोजित होगा।