



TTN डेस्क
जांजगीर-चांपा। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा चलाए गए अभिनव अभियान “एक राखी साइबर जागृति की” का जिलेभर में ऐतिहासिक एवं सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत रक्षाबंधन के पावन अवसर को साइबर सुरक्षा के संकल्प से जोड़ते हुए जिले की 432 पंचायतों, शहरी वार्डों, शासकीय कॉलेजों, स्कूलों और कार्यालयों में एक साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।जिसमें एक लाख से अधिक लोगों को राखी बांधी गई वो भी एक घंटे के अंदर।
0ऑडिटोरियम हॉल में हुआ भव्य जिला स्तरीय शुभारंभ
अभियान का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम ऑडिटोरियम हॉल, जांजगीर में आयोजित हुआ। इस समारोह में कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने कहा, “जिस प्रकार राखी बहन की रक्षा का अटूट संकल्प है, उसी प्रकार आज के डिजिटल युग में हम सभी को एक-दूसरे को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने का संकल्प लेना होगा।”
इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रभारी श्रीमती सोनल राजेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार, DSP मुख्यालय विजय पैकरा, DSP अजाक सतरूपा तारम, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, सायबर प्रभारी भास्कर शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
0 गांव-गांव बंधी ‘सुरक्षा की राखी’, ली गई जागरूकता की शपथ
अभियान की सबसे खास बात इसकी व्यापकता रही। जांजगीर-चांपा पुलिस, ग्राम कोटवारों और महिला कमांडो की टीम ने जिले के कोने-कोने में पहुंचकर लोगों को “साइबर जागृति की राखी” बांधी और साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संकल्प दिलाया।
0 आमजन को दी गई साइबर सुरक्षा से जुड़ी ये महत्वपूर्ण जानकारिया
फर्जी लिंक से दूरी: किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
गोपनीयता बनाए रखें: अनजान कॉल या व्यक्ति के साथ कभी भी OTP, UPI PIN या बैंक अकाउंट डिटेल्स शेयर न करें।
सोशल मीडिया पर सावधानी: अपनी निजी जानकारी और तस्वीरें सोच-समझकर शेयर करें।
हेल्पलाइन 1930: किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
0 वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगी ऐतिहासिक पहल
एक ही समय में 432 गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर आयोजित इस साइबर जागरूकता अभियान के अवलोकन एवं सत्यापन हेतु गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रभारी श्रीमती सोनल राजेश शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने पूरे जिले में हुए कार्यक्रमों का सत्यापन किया।
एक साथ इतने बड़े पैमाने पर चलाया गया यह अभियान जल्द ही गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने जा रहा है, जो जांजगीर-चांपा पुलिस और जिलेवासियों के लिए एक गर्व की बात है। जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल डिजिटल सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।

