Home कोरबा वेदांता पावर प्लांट हादसा: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस...

वेदांता पावर प्लांट हादसा: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस दल ने की जांच, प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

00 ‘प्रिया अग्रवाल हेबर को रिकॉर्ड उत्पादन दिखाने की सनक ने ली 20 जान’: जयसिंह अग्रवाल का बड़ा प्रहार

TTN डेस्क

सक्ती/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित जांच कमेटी के संयोजक व पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बुधवार को दिग्गज नेताओं के साथ घटनास्थल का दौरा किया। जयसिंह अग्रवाल ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि प्रबंधन की अति-महत्वाकांक्षा और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण 20 निर्दोष श्रमिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

0 जयसिंह अग्रवाल ने खोला हादसे का ‘राज’

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने कहा कि:
> “वेदांता की गैर-कार्यकारी निदेशक प्रिया हेबर बुधवार को दौरे पर आने वाली थीं। उन्हें ज्यादा बिजली उत्पादन दिखाने के चक्कर में प्लांट को उसकी क्षमता से अधिक और सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर चलाया जा रहा था। जैसे ही हादसा हुआ, प्रिया हेबर डर के मारे बालको से ही दिल्ली वापस लौट गईं।”
>

0 नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के साथ जानी हकीकत

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के संयोजकत्व में पहुंची इस टीम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी शामिल थे। नेताओं ने मलबे में तब्दील हो चुके बॉयलर क्षेत्र का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और वहां मौजूद तकनीकी टीम से हादसे के कारणों पर जवाब-तलबी की। कांग्रेस दल ने मृत श्रमिकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

0 अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

निरीक्षण के पश्चात जयसिंह अग्रवाल और कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल रायगढ़ स्थित फोर्टिस ओ.पी. जिंदल हॉस्पिटल पहुंचा। यहाँ उन्होंने विस्फोट में झुलसे 15 से अधिक श्रमिकों से मुलाकात की। नेताओं ने घायलों के परिजनों को ढांढस बंधाया और अस्पताल प्रबंधन को सर्वश्रेष्ठ इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

0 इन नेताओं की रही मौजूदगी

जांच दल में पूर्व मंत्री उमेश पटेल, नोबेल वर्मा, रामकुमार यादव, उत्तरी जांगड़े, बालेश्वर साहू, राघवेंद्र सिंह, व्यास कश्यप, रश्मि गबेल और राजेश अग्रवाल जैसे कद्दावर नेता शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में प्रबंधन की लापरवाही की निंदा की।

0 कांग्रेस की मुख्य मांगें:

* दोषियों पर एफआईआर: जयसिंह अग्रवाल ने मांग की है कि रिकॉर्ड उत्पादन का दबाव बनाने वाले बड़े अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही हो।

* निष्पक्ष जांच:मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ताकि सच सामने आ सके।

* न्याय और मुआवजा: पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और आश्रितों को सरकारी मापदंडों के अनुसार नौकरी दी जाए।