Home छत्तीसगढ़ मेदांता का छत्तीसगढ़ में बड़ा कदम : रायपुर में खुलेगा 500 करोड़...

मेदांता का छत्तीसगढ़ में बड़ा कदम : रायपुर में खुलेगा 500 करोड़ की लागत से सुपर मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल

OO देश के प्रमुख सुपर मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पतालों में से एक, मेदांता, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपना नया अस्पताल स्थापित करने जा रहा है।जिस पर 500 करोड़ का निवेश होगा।

TTN Desk

मेदांता अस्पताल के संस्थापक और प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश त्रेहन ने आज 24 मई को नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की और इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव रखा।

यह अस्पताल लगभग 500 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के साथ स्थापित किया जाएगा, जो राज्य में स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

डॉ. त्रेहन ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह अस्पताल उन्नत चिकित्सा तकनीक, उच्च कुशल विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से लैस होगा।

इस पहल से छत्तीसगढ़ के लोगों को विश्व स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा और उन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। यह न केवल राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा और चिकित्सा पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकता है।

O सीएम का सकारात्मक रुख

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और राज्य सरकार द्वारा परियोजना को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। इस अस्पताल के खुलने से छत्तीसगढ़ में चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।