00 रायपुर में चौथे छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव की शुरुआत; बीएमसी में ‘स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक’ का हुआ शुभारंभ
TTN डेस्क
कोरबा/रायपुर। मध्य भारत में कैंसर उपचार के प्रमुख केंद्र बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) ने रायपुर में चौथे वार्षिक ‘छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव’ का शुभारंभ स्तन संरक्षण और स्तन पुनर्निर्माण की लाइव सर्जिकल डेमोन्स्ट्रेशन के साथ किया। इस दौरान देशभर से आए 50 से अधिक वरिष्ठ सर्जन व चिकित्सकों ने आधुनिक सर्जिकल तकनीकों को प्रत्यक्ष देखा और स्तन कैंसर के उपचार पर विस्तृत चर्चा की।
लाइव सर्जिकल डेमोन्स्ट्रेशन का नेतृत्व मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल की सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. शलाका जोशी, प्लास्टिक व पुनर्निर्माण सर्जन डॉ. दुष्यंत जायसवाल और कोलकाता के टाटा मेडिकल सेंटर के वरिष्ठ सर्जन डॉ. संजीत कुमार अग्रवाल ने किया। डेमोन्स्ट्रेशन के दौरान कैंसर सर्जरी के साथ प्लास्टिक सर्जरी तकनीकों के उपयोग से स्तन के आकार व स्वरूप को सुरक्षित रखने की आधुनिक प्रक्रिया प्रदर्शित की गई।
0 शुरुआती पहचान और जागरूकता बेहद जरूरी: विशेषज्ञ
मुंबई की डॉ. शलाका जोशी ने कहा कि भारत में कई महिलाएं देर से इलाज कराने पहुंचती हैं, जिससे उपचार जटिल हो जाता है। बेहतर परिणामों के लिए शुरुआती पहचान और उचित निदान आवश्यक है। वहीं, बीएमसी की कंसल्टेंट डॉ. इशिता कात्याल ने बताया कि कैंसर इलाज का उद्देश्य केवल बीमारी नियंत्रण नहीं, बल्कि मरीज के आत्मविश्वास और जीवन की गुणवत्ता को बनाए रखना भी है।
0 ‘स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक’ का हुआ शुभारंभ
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बीएमसी में विशेष ‘स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक’ का शुभारंभ किया। महिला विशेषज्ञ डॉक्टरों के नेतृत्व में संचालित यह क्लिनिक एक ही स्थान पर जांच, कैंसर उपचार, स्तन पुनर्निर्माण, पोषण, फिजियोथेरेपी और कॉस्मेटिक सर्जरी जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।


इस पहल पर सशस्त्र सेना चिकित्सा सेवाओं की पूर्व महानिदेशक सर्जन आरती सरीन (सेवानिवृत्त वाइस एडमिरल) और बीएमसी की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि सभी विशेषज्ञ सेवाओं को एक छत के नीचे लाने से मध्य भारत में महिलाओं को सहज, सुलभ और मरीज-केंद्रित कैंसर इलाज की सुविधा मिलेगी।


