00 रजगामार के बुंदेली गांव में सनसनीखेज वारदात; दिनदहाड़े हुई नृशंस हत्या से ग्रामीणों में दहशत, आरोपी पति गिरफ्तार
TTN डेस्क
कोरबा:छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। जिले के रजगामार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने न केवल हत्या की, बल्कि क्रूरता का परिचय देते हुए कुल्हाड़ी से पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे लेकर मौके पर ही बैठा रहा।
0 शक की आग में जल रहा था आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सालिक राम यादव, जो मूल रूप से हल्दीमाड़ा (अजगरबहार) का निवासी है, अपनी पत्नी चैत कुंवर के चरित्र पर लंबे समय से संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार दोपहर विवाद इतना बढ़ा कि सालिक राम ने आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर उसका सिर काट दिया।
0 कातिल के हाथ में सिर देख कांप गए ग्रामीण
घटना के बाद का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने के बजाय अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर काफी देर तक बैठा रहा। उसने वहां मौजूद लोगों को खुद ही हत्या की बात बताई। इस बीच आरोपी गांव के एक पोल्ट्री फार्म के पास भी देखा गया, जिससे पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।
0 पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे
घटना की सूचना मिलते ही रजगामार पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ शव को कब्जे में लिया और आरोपी सालिक राम को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
0 गांव में पसरा मातम

दिनदहाड़े हुई इस नृशंस हत्या के बाद बुंदेली गांव में भय और शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि चरित्र की शंका में कोई इस कदर हैवान बन सकता है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी में है।


