00 “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई; दोनों बार के मैनेजरों पर कानूनी शिकंजा
TTN डेस्क




कोरबा। जिला पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में पुलिस की टीम ने देर रात शहर के दो नामचीन बारों में औचक दबिश दी। नियमों का उल्लंघन कर देर रात तक शराब परोसने के मामले में दोनों बार के मैनेजरों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें, नियमों की उड़ रही थीं धज्जियां
जानकारी के अनुसार, पाम मॉल स्थित ओएनसी (One Night Club) और सेंट्रल प्वाइंट स्थित बार में तय समय-सीमा के बाद भी आबकारी नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक महफिलें सजने और शराब परोसे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्री लखन पटले के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने देर रात इन ठिकानों पर अचानक छापा मार दिया। कार्रवाई के दौरान दोनों ही जगहों पर तय समय के बाद भी ग्राहकों को शराब परोसते पाया गया।
मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ा दी थी स्कॉर्पियो
उल्लेखनीय है कि हाल ही में पाम मॉल स्थित इसी ‘ओएनसी बार’ से अत्यधिक शराब पीकर निकले एक युवक ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी को लापरवाही और खतरनाक तरीके से मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था, जिससे वहां हड़कंप मच गया था। इस मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर आरोपी रमन सिंह को जेल भेजा था। इस घटना के बाद से ही पुलिस इन बारों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
मैनेजरों पर वैधानिक कार्रवाई, पुलिस की सख्त चेतावनी
दबिश के दौरान नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने दोनों बार के मैनेजरों को थाना लाकर उनके विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वाले या देर रात तक अवैध रूप से हुड़दंग मचाने वाले किसी भी प्रतिष्ठान या व्यक्ति के खिलाफ आने वाले दिनों में भी ऐसी ही कठोर और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।


