
कोरबा: हजरत मोहम्मद साहब (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के 1501वें जश्ने विलादत (जन्मदिवस) के शुभ अवसर पर कोरबा की मरकजी सीरत कमेटी द्वारा भव्य एवं विशाल जुलूस का आयोजन किया गया। किछौछा शरीफ से पधारे सैयद सलमान अशरफ अशरफी की सदारत और सरपरस्ती में यह पर्व पूरी शानो-शौकत व अकीदत के साथ मनाया गया।
0 शाही नूरी मस्जिद से हुई शुरुआत
जुलूस का शुभारंभ सुबह निर्धारित 9 बजे शाही नूरी मस्जिद से हुआ। मुख्य अतिथि सैयद सलमान अशरफ अशरफी और पेश इमाम मौलाना एहसानुल कादरी ने परचम कुशाई (झंडारोहण) कर जुलूस को रवाना किया।
0 शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा जुलूस
नूरी मस्जिद से शुरू होकर जुलूस निहारिका स्थित सुभाष चौक होते हुए एसईसीएल खदान (कॉलेरी) मस्जिद पहुँचा, जहाँ मस्जिद प्रबंधन और नमाज़ियों ने जुलूस का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद जुलूस मुड़ापार मस्जिद और ट्रांसपोर्ट नगर मस्जिद पहुँचा, जहाँ परचम कुशाई की गई। यहाँ से पावर हाउस रोड होते हुए जुलूस जामा मस्जिद पहुँचा। शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए जुलूस का समापन मदीना मस्जिद में हुआ।
0 मुए मुबारक की ज़ियारत और लंगर
मदीना मस्जिद में परचम कुशाई के बाद हज़रत मोहम्मद साहब के ‘मुए मुबारक’ (पवित्र केश) की ज़ियारत (दर्शन) कराई गई। इसके उपरांत सलातो-सलाम पेश कर जुलूस का विधिवत समापन हुआ। जुलूस के मार्ग में जगह-जगह अकीदतमंदों के लिए पानी, शरबत, हलवा और लंगर का इंतजाम किया गया था।
0 100 से अधिक वालंटियर्स और पुलिस की मुस्तैदी
जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए, जिन्होंने पूरे अनुशासन का परिचय दिया। जुलूस को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 100 से अधिक वालंटियर्स तैनात थे।
मरकजी सीरत कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा आसिफ और सचिव मोहसिन मेमन ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोरबा सीएसपी, कोरबा टीआई श्री डडसेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पटले और पुलिस के अन्य अधिकारियों व जवानों ने पूरे जुलूस के दौरान सतत निगरानी रखी और सहयोग प्रदान किया।
0 कार्यक्रम में गणमान्य जन रहे मौजूद
इस अवसर पर मोहम्मद आरिफ खान, मोहम्मद रफीक मेमन, नौशाद खान, बरकत खान, महबूब खान, अहसान खान, जुबैर अंसारी, हाजी इमरान अंसारी, अमीन पारेख, रऊफ मेमन, रुहुल खान समेत हज़ारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


