00 कोयला वाहनों की बेलगाम रफ्तार और सड़कों की दुर्दशा के बीच दोपहिया चालकों की लापरवाही भी बन रही काल; दोनों हादसों में वाहनों पर सवार थीं तीन-तीन सवारियां
TTN डेस्क
कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा की सड़कों पर मानों मौत दौड़ रही है। जिले में पिछले 24 घंटों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने चार रोशन चिराग बुझा दिए हैं। बेलगाम भारी वाहनों की रफ्तार, जर्जर सड़कें और दोपहिया वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी इस तबाही की मुख्य वजह बनकर सामने आ रही है।
0 ताजा हादसा: पोड़ी बस स्टैंड के पास सगे भाई-बहन की मौत, नेशनल हाईवे पर 2 घंटे चक्काजाम
बुधवार को बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कोनकोना बस्ती निवासी सगे भाई-बहन बूटी गोस्वामी (13 वर्ष) और दशरथ गोस्वामी (12 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर सवार तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल है।
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर अंबिकापुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर करीब 2 घंटे तक चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची बांगो पुलिस और तहसीलदार द्वारा पीड़ित परिवार को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि स्वीकृत किए जाने के बाद जाम खुला। पुलिस ने टैंकर जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
0 एक दिन पहले बालको-रिसदी बायपास पर डंपर ने दो को कुचला था
इस हृदयविदारक घटना से ठीक एक दिन पहले, मंगलवार सुबह बालको-रिसदी बायपास रोड पर भी ऐसा ही खौफनाक मंजर देखने को मिला था। यहाँ एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह महज 24 घंटे के भीतर जिले की सड़कों पर 4 मासूम जिंदगियां काल के गाल में समा गईं।
0 सवालों के घेरे में ‘तीन सवारी’ और तेज रफ्तार
इन लगातार हो रहे हादसों ने जहां भारी वाहनों (विशेषकर कोयला परिवहन करने वाले ट्रकों-डंपरों) की अनियंत्रित रफ्तार और खस्ताहाल सड़कों की ओर ध्यान खींचा है, वहीं दोपहिया वाहन चालकों की गंभीर लापरवाही को भी उजागर किया है:
नियमों की अनदेखी: बुधवार को बांगो में हुए हादसे में स्कूटी पर तीन बच्चे सवार थे।
कल भी यही गलती: मंगलवार को बालको-रिसदी बायपास पर हुए हादसे के वक्त भी बाइक पर तीन लोग सवार थे।

हमारा अनुरोध: यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए करें। क्षमता से अधिक लोगों को दोपहिया पर न बिठाएं और भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें।

