• प्राचार्य डॉ. अहमद खान को हटाने की मांग, बच्चों ने विधायक को सुनाई आपबीती
• थाली में रेंगते मिले कीड़े, छात्रों को बांटे गए एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थ व दवाइयां
• दूषित भोजन और पानी से बच्चे खाज-खुजली से पीड़ित, विधायक ने सहायक आयुक्त को दिए जांच के निर्देश
TTN डेस्क
छुईकला/कटघोरा: छुरी कला स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में बदहाली को लेकर सोमवार को छात्रों व अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। शाला प्रवेशोत्सव में पहुंचे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह की गाड़ी का घेराव कर बच्चों ने रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई।
छात्रों ने आरोप लगाया कि भोजन में कीड़े मिल रहे हैं तथा एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थ व दवाइयां दी जा रही हैं। दूषित खान-पान से बच्चे खाज-खुजली से पीड़ित हैं।
अभिभावकों ने प्राचार्य डॉ. अहमद खान पर खुद फर्जी नाम से मेस चलाने, वाहनों के दुरुपयोग और तानाशाही का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की। बता दें कि हाल ही में स्कूल में शिक्षक से मारपीट मामले में कटघोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई थी। 


विधायक व जिला पंचायत अध्यक्ष ने सहायक आयुक्त को जांच के निर्देश दिए हैं।


