TTN डेस्क
कोरबा, 20 जुलाई। जंतर मंतर दिल्ली में आज सोमवार सुबह से सीजेपी के संसद मार्च आह्वान को ले कर हजारों युवा उमड़ पड़े है वहीं सोनम वांगचुक के समर्थन में आज सोमवार को कोरबा में भी आवाज बुलंद की गई। युवा अधिवक्ता अब्दुल नफीस खान के नेतृत्व में सुबह 9 बजे से निहारिका स्थित सुभाष चौक पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण व संविधानसम्मत अनशन किया गया।जिसमें विभिन्न वर्ग के लोगों ने अपनी सहभागिता दी।
अधिवक्ता अब्दुल नफीस ने बताया कि सोनम वांगचुक द्वारा उठाए जा रहे मुद्दे बेहद संवेदनशील हैं। वे NEET सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रणाली में सुधार, छात्रों के भविष्य की सुरक्षा और लद्दाख को छठी अनुसूची के तहत संरक्षण देने जैसी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि यह अनशन किसी राजनीतिक दल के विरोध में नहीं, बल्कि शिक्षा में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में किया गया
है। अनशन के दौरान महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भी प्रेषित किया गया, जिसमें मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने और सार्थक संवाद स्थापित करने का आग्रह किया गया है।

