TTN डेस्क 

कोरबा/बरपाली:
ग्राम पंचायत सलिहाभांठा निवासी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद महतो के मंझले पुत्र भास्कर महतो के 11 जुलाई को हुए असामयिक निधन पर विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। डॉ. महंत ने बुधवार को शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचकर शोक-संवेदना व्यक्त की और परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि दुर्गा प्रसाद महतो अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं बांगो बांध के स्वप्नदृष्टा स्व. बिसाहू दास महंत के समय से ही समर्पित एवं कर्मठ कांग्रेसी कार्यकर्ता रहे हैं। उनके पुत्र के निधन की खबर से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के शुभचिंतकों और कांग्रेस जनों में शोक की लहर है।
डॉ. चरणदास महंत ने दिवंगत भास्कर महतो को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी पत्नी श्रीमती ममता महतो, पुत्र कृष्णा महतो एवं पुत्री प्रतिभा (अन्नू) महतो से मुलाकात की। उन्होंने इस दुखद घड़ी को अपूर्णीय क्षति बताते हुए दुर्गा प्रसाद महतो को आश्वस्त किया कि बच्चों (पौत्र-पौत्री) की शिक्षा-दीक्षा को निरंतर जारी रखा जाएगा और भविष्य में भी महंत परिवार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मनोज चौहान, विधायक प्रतिनिधि निरंजन श्रीवास, पीयूष गुरुद्वान, भुवनेश्वर महतो सहित शोकाकुल महतो परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


