00 11 साल की अटूट : 50 श्रद्धालुओं से शुरू हुआ बुंदेली का ‘श्याम अखाड़ा’
TTN डेस्क
कोरबा । कभी महज 50 श्रद्धालुओं के छोटे से आयोजन से शुरू हुआ ‘श्री श्याम अखाड़ा’ बुंदेली का धार्मिक उत्सव आज अपने 12वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। वर्षों की निरंतरता, सेवा और समर्पण के बल पर यह आयोजन आज हजारों श्याम भक्तों की आस्था का बड़ा केंद्र बन गया है। आज शनिवार शाम 6:15 बजे जब 80 किलो फूलों से महकते 40 फीट ऊंचे भव्य पंडाल में बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित होगी, तो 11 वर्षों की परंपरा का विराट स्वरूप देखने को मिलेगा।





आयोजन की भव्यता को बढ़ाने के लिए इस बार 56 भोग, चुनरी उत्सव, पावन ज्योत और विख्यात भजन गायक शीतल पाण्डे, संजीव शर्मा तथा प्रीति सरगम की संगीतमय प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क श्याम रसोई व विशाल महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है, जो भक्ति के साथ सेवा के संकल्प को चरितार्थ करती है।
0 सालासर बालाजी मंदिर का निर्माण अंतिम चरण में
बुंदेली की इस धार्मिक यात्रा का विस्तार अब एक और बड़ी पहचान गढ़ रहा है। श्री बालाजी सेवा संघ के माध्यम से परिसर में निर्मित हो रहे भव्य सालासर बालाजी मंदिर की छत और गुंबद का काम पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिससे आने वाले समय में यह स्थल अंचल का प्रमुख धार्मिक केंद्र बनेगा।
उक्तशय की जानकारी देते हुए श्री श्याम अखाड़ा परिवार बुंदेली के सदस्यों—राजकुमार मोदी, अधिवक्ता महेंद्र अग्रवाल, अधिवक्ता गोपाल अग्रवाल, सीए सचिन सिंघल, अमन अग्रवाल, अंकित केडिया, लक्ष्मण जायसवाल एवं बृजमोहन शर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
प्रबंध कार्यकारिणी एवं आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार व इष्ट-मित्रों सहित शाम 6:15 बजे पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन कर धर्मलाभ उठाने की अपील की है।


