00 बरसते पानी में अनशन कर रहे छात्र नेता ब्रह्मानंद से भी दिन वांगचुक ने वीडियो कॉल पर बातचीत की,सरकार ने फिर दिया बातचीत का प्रस्ताव,परीक्षा और नियुक्ति में गड़बड़ी के आरोप,सीएम ने कहा युवाओं की समस्या सर्वोपरि
TTN डेस्क
रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर राजधानी के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 12 दिनों से चल रहा छात्रों का प्रदर्शन अब व्यापक रूप ले चुका है। छात्रों के इस जंतर-मंतर जैसे आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं की चिंताओं को अत्यंत गंभीर विषय बताते हुए सरकार का रुख स्पष्ट किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की समस्याएं सरकार के लिए सर्वोपरि हैं और सरकार इस पूरे मामले पर बेहद गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा, “पेपर लीक सिर्फ झारखंड की नहीं, बल्कि देश के अनेक राज्यों के युवाओं के सामने एक बड़ी राष्ट्रीय समस्या बन चुका है। हमारी एजेंसियां दिन-रात इस मामले की जांच कर रही हैं और दोषियों को जेल भेजा जा रहा है। हमारा उद्देश्य सिर्फ जांच करना नहीं, बल्कि युवाओं को स्थाई समाधान देना है।” मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि झारखंड सरकार के दरवाजे हमेशा युवाओं के लिए खुले हैं और छात्र-अभ्यर्थी अपनी मांगें व सुझाव सीधे सरकार के समक्ष रख सकते हैं, जिन पर पूरी गंभीरता से विचार किया जाएगा।
0 प्रशासन की पहल: 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को वार्ता का न्योता
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक हलचल भी तेज हो गई है। एसडीएम कुमार रजत और एडीएम धनंजय कुमार खुद धरना स्थल पर पहुंचे और अनशनकारी छात्रों से मुलाकात की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की ओर से प्रदर्शनकारियों के 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को औपचारिक बातचीत के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी उम्मीदवारों ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के साथ कोई भी बातचीत खुले में, सिर्फ छात्रों के बीच ही होगी। वार्ता के प्रस्ताव पर आपसी विचार-विमर्श के लिए छात्रों ने 2 घंटे का समय मांगा है।
0 सोनम वांगचुक से बात के बाद देवेंद्र ने पिया पानी, लेकिन अनशन जारी
आंदोलन में 7 से ज्यादा प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जिनमें छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पिछले 2 अगस्त से अन्न-जल त्यागे हुए थे। बुधवार को प्रख्यात समाजसेवी सोनम वांगचुक ने देवेंद्र से वीडियो कॉल पर बात की। वांगचुक की अपील पर देवेंद्र नाथ महतो ने पानी तो पी लिया, लेकिन उन्होंने घोषणा की कि मांगें पूरी होने तक उनका अनशन लगातार जारी रहेगा।वांगचुक ने खुले आसमान के नीचे बारिश के बीच भी अनशन कर रहे छात्र नेता ब्रह्मानंद से भी बात की।
0 मरांडी ने की मुलाकात, CBI जांच की मांग तेज
इधर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा विधायक जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे तथा अनशनकारी छात्रों से मुलाकात की। मरांडी ने आरोप लगाया कि जेपीएससी और परीक्षाओं में भारी गड़बड़ी हुई है तथा युवाओं के हक को बेचा गया है। उन्होंने पूरी परीक्षा प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की।
0 छात्रों की प्रमुख मांगें और 7 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी





छात्र JPSC, JSSC-CGL समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की CBI व ED जांच, मामले की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन, परीक्षा कराने वाली एजेंसी (TDPL) को ब्लैकलिस्ट कर TCS जैसी पारदर्शी कंपनियों से परीक्षा कराने तथा दोषी अधिकारियों को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो वे 7 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे।


